शेयर बाजार में भारी गिरावट, निवेशकों के डूबे 2 लाख करोड़ रुपए
मुंबई- बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 700 पॉइंट्स गिर कर 58,220 पर पहुंच गया है। IT कंपनियों के स्टॉक ज्यादा टूटे हैं। निवेशकों को आज सुबह 2 लाख करोड़ रुपए का भारी घाटा हुआ है। आज मार्केट कैप 265 लाख करोड़ रुपए है जो गुरुवार को 267 लाख करोड़ रुपए था।
इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 460 अंक बढ़कर 58,926 पर बंद हुआ। निफ्टी 142 पॉइंट्स बढ़कर 17,605 पर बंद हुआ था। अडाणी विल्मर का शेयर आज भी 5% ऊपर है। 3 दिनों में यह 75% बढ़कर 398 रुपए पर पहुंच गया है। इश्यू में इसका भाव 230 रुपए तय किया गया था। लिस्टिंग में इसने घाटा दिया था।
सेंसेक्स के 91 शेयर अपर और 198 लोअर सर्किट में कारोबार कर रहे हैं। इसका मतलब यह हुआ कि एक दिन में इन शेयर्स की कीमत में एक तय सीमा से ज्यादा न तो बढ़त हो सकती है न गिरावट हो सकती है। आज सेंसेक्स 479 अंक नीचे 58,447 पर खुला था। इसने इसी लेवल का ऊपरी और 58,221 का निचला स्तर बनाया।
इसके 30 शेयर्स में से केवल 3 शेयर बढ़त में है जबकि बाकी 27 गिरावट में हैं। बढ़ने वाले में सिर्फ नेस्ले के साथ 2 अन्य हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में टेक महिंद्रा, विप्रो, इंफोसिस, HCL टेक 2-2% से ज्यादा गिरे हैं। HDFC लिमिटेड, बजाज फिनसर्व, कोटक बैंक, बजाज फाइनेंस, ICICI बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, TCS और अल्ट्राटेक के शेयर्स 1-1% से अधिक गिरे हैं।
इनके अलावा टाइटन, HDFC बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, डॉ. रेड्डी, SBI, एयरटेल, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स और इंडसइंड बैंक भी गिरावट में हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 180 अंक गिर कर 17,426 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,451 पर खुला था और 17,391 का निचला तथा 17,454 का ऊपरी स्तर बनाया।
इसके 50 शेयर्स में से 8 बढ़त में और 42 गिरावट में हैं। नेक्स्ट 50, मिडकैप, निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल इंडेक्स में गिरावट है। निफ्टी के गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में इंफोसिस, टेक महिंद्रा, विप्रो, HCL टेक और हीरो मोटो कॉर्प है। बढ़ने वालों में हिंडालको, भारत पेट्रोलियम, ONGC, इंडियन ऑयल और कोल इंडिया हैं।

