स्कूल का घोटाला, लड़कों को बांट रहे थे सैनेटरी पैड के पैसे
मुंबई- सैनेटरी पैड लड़कियों के इस्तेमाल करने की चीज है, लेकिन बिहार में यह इसका उपयोग लड़के भी करते हैं। बिहार के छपरा में लड़कों को सैनेटरी पैड के पैसे दिए जा रहे हैं। सरकारी धनराशि के फर्जीवाड़े की यह कहानी दिलचस्प है।
छपरा जिले के मांझी प्रखंड में एक स्कूल है हलखोरी साह उच्च विद्यालय। यहां सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम चलाया जाता है। इसमें सरकार लड़कियों के बैंक एकाउंट में सैनेटरी पैड की राशि तय समय पर भेजती है। बैंक एकाउंट की जानकारी देने की जिम्मेदारी स्कूल के प्रिसिंपल की है। उन्होंने क्या किया कि लड़कियों की जगह लड़कों का बैंक एकाउंट सरकार को दे दिया। इसके बाद सरकार उनके खाते में पैसा भेजती गई। तीन साल से ऐसा ही हो रहा था।
इसका खुलासा तब हुआ जब प्रिंसिपल 31 मार्च 2021 को रिटायर हुए और दूसरे शिक्षक ने यह पदभार ग्रहण किया। प्रिंसिपल से पुरानी योजनाओं का उपयोगिता प्रमाण पत्र मांगा गया। लगभग एक करोड़ की योजनाओं का उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर नए प्रिंसिपल ने इस पूरे मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान बैंक स्टेटमेंट में पता चला कि लड़कियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का पैसा लड़कों के खाते में ट्रांसफर किया जा रहा है। साथ ही और भी कई तरह की गड़बड़िया पाई गईं। इसको लेकर नए हेडमास्टर रईस उल एहरार खान ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। उनके इसी पत्र के से विभाग में हड़कंप मच गया है।