सेंसेक्स 600 अंकों की तेजी के साथ 56,377 पर, 3 लाख करोड़ बढ़ी निवेशकों की संपत्ति

मुंबई- कल की भारी गिरावट के बाद आज शेयर बाजार ने जोरदार तेजी दिखाई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 600 पॉइंट्स की तेजी के साथ 56,377 पर पहुंच गया है। पहले ही मिनट में निवेशकों की संपत्ति 3.05 लाख करोड़ रुपए बढ़ी है। कल लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 252.57 लाख करोड़ रुपए था जो आज 255.62 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

इससे पहले कल सेंसेक्स 1,189.73 (2.09%) गिरकर 55,822.01 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 371.00 (2.18%) की गिरावट के साथ 16,614.20 पर आ गया। हालांकि दिन में इसमें 1700 अंकों से ज्यादा की गिरावट आई थी। बंद होते समय थोड़ा सुधार के साथ यह बंद हुआ। सेंसेक्स आज 480 पॉइंट्स की तेजी के साथ 56,320 पर खुला था। दिन में इसने 56,540 का ऊपरी स्तर और 56,197 का निचला स्तर बनाया। इसके 30 शेयर्स में से सभी शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।

बढ़ने वाले प्रमुख शेयर में टाइटन, HCL टेक, ICICI बैंक, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक और लार्सन एंड टूब्रो 2-2% से ज्यादा बढ़े हैं। एयरटेल,TCS, इंफोसिस, HDFC बैंक, रिलायंस, SBI और सन फार्मा 1-2% के बीच बढ़कर कारोबार कर रहे हैँ।

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 210 पॉइंट्स की तेजी के साथ 16,824 पर कारोबार कर रहा है। इसने दिन में 16,825 का ऊपरी स्तर बनाया और 16,722 का निचला स्तर बनाया। इसका निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स, मिड कैप इंडेक्स, निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल इंडेक्स 1.50% से ज्यादा बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसके 50 शेयर्स में से केवल 2 शेयर गिरावट में हैं। 48 बढ़त में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *