8.15% पर मिल रहा है पर्सनल लोन, सबसे सस्ता IDBI बैंक का लोन

मुंबई- अब पर्सनल लोन भी सस्ता हो चुका है। IDBI बैंक इस समय पर्सनल लोन सबसे सस्ते ब्याज पर दे रहा है। यह 8.15% की दर से लोन देता है। IDBI बैंक 12 महीने से 60 महीने का के लिए लोन देता है। साथ ही इसके तहत 25 हजार से 5 लाख रुपए तक का लोन मिलता है। हालांकि इसका यह रेट 14% तक भी होता है।  

बैंक ऑफ बड़ौदा सरकारी क्षेत्र का बड़ा बैंक है। यह 50 हजार से 10 लाख रुपए का पर्सनल लोन देता है। 48 से 60 महीने की अवधि के लिए यह 9.75 से 15.60% ब्याज लेता है। कुछ समय पहले तक बैंक 20-25% की दर से पर्सनल लोन देते थे। पर्सनल लोन एक अनसिक्योर्ड यानी असुरक्षित लोन होता है। इसका इंटरेस्ट रेट सभी लोन की तुलना में ज्यादा होता है। हालांकि आप अगर कम समय के लिए लेते हैं तो कुछ बैंक इसे सस्ते में भी देते हैं। साथ ही आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा है तो इसका भी फायदा आपको कम ब्याज के रूप में मिलता है।  

देश का दूसरा सबसे बड़ा सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक 10 लाख रुपए तक का पर्सनल लोन देता है। यह 8.90 से 14.45% के बीच में ब्याज दर रखा है। इसकी भी समय सीमा 60 महीने की है। इंडियन बैंक 9.05 से 13.65% की दर से 12 से 36 महीने के लिए पर्सनल लोन देता है। इससे आप 50 हजार से 5 लाख रुपए का कर्ज ले सकते हैं।  

देश का सबसे बड़ा बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का पर्सनल लोन 9.6% से शुरू होता है। SBI का अधिकतम रेट पर्सनल लोन पर 15.65% है। यह 6 महीने से 72 महीने तक के लिए कर्ज देता है। आप इस बैंक से 25 हजार से 20 लाख रुपए तक का कर्ज ले सकते हैं। यूनियन बैंक 5 लाख से 15 लाख रुपए तक का पर्सनल लोन 60 महीने तक के लिए देता है। इसकी ब्याज दर 8.90 से 13% तक होती है।  

पंजाब एंड सिँध बैंक 9.35 से 11.50% ब्याज लेता है। यह 1 लाख से 3 लाख का लोन देता है और इसका समय 60 महीने का होता है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र भी 10 लाख रुपए तक का पर्सनल लोन देता है। 60 महीने की अवधि के लिए यह 9.45 से 12.80% का ब्याज लेता है।  

इन बैंकों के अलावा देश के निजी सेक्टर के बड़े बैंकों में HDFC बैंक 12-60 महीने के लिए 10.50 से 21% ब्याज लेता है। यह 15 लाख रुपए का कर्ज देता है। जबकि ICICI बैंक 20 लाख रुपए इसके तहत देता है। 60 महीने के लिए इसका ब्याज दर 10.50 से 19% होता है। एक्सिस बैंक 15 लाख रुपए तक का पर्सनल लोन देता है। यह 60 महीने के लिए 12 से 21% का ब्याज लेता है, जबकि कैनरा बैंक 12.40 से 13.90% ब्याज लेता है। 60 महीने के लिए 20 लाख रुपए तक का लोन देता है।  

पर्सनल लोन के लिए न्यूनतम या अधिकतम सीमा बैंक ही तय करता है। यह ग्राहक के आधार पर तय होता है। कई बैंक 20 हजार रुपए ही देते हैं तो कई बैंक 20 लाख रुपए भी देते हैं। इसके लिए आपकी कमाई और सिबिल स्कोर सहित अन्य मामलों को देखा जाता है। पर्सनल लोन के लिए आप योग्य हैं या नहीं, यह भी हर बैंक पर निर्भर करता है। इसमें मुख्य रूप से आपकी महीने में बचत देखी जाती है।  

आप ज्यादा लोन कम ब्याज पर चाहते हैं तो सबसे सही आपके लिए होगा कि सिबिल स्कोर सही हो और कमाई ज्यादा हो। पर्सनल लोन के लिए भी आपको स्टैंप ड्यूटी, प्रोसेसिंग फीस और अन्य चार्ज देने होते हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *