अमिताभ और अभिषेक बच्चन ने एसबीआई को 18.9 लाख रुपए किराए पर दिया बंगला
मुंबई- बॉलीवुड मेगास्टार अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को अपना बंगला किराए पर दिया है। इसका किराया 18.9 लाख रुपए महीना होगा। यह जानकारी बच्चन परिवार की ओर से की गई रजिस्ट्री में मिली है।
जानकारी के मुताबिक, अमिताभ के दो बंगले वत्सा और अम्मू बंगले को एसबीआई ने किराए पर लिया है। यह दोनों बंगले उनके जलसा के करीब ही हैं। बच्चन परिवार जलसा में ही रहता है। बच्चन परिवार के सभी बंगले जूहू में ही स्थित हैं। बच्चन परिवार और एसबीआई के बीच 28 सितंबर को रजिस्ट्री हुई है।
एग्रीमेंट के मुताबिक, हर पांच साल में किराए में 25 पर्सेंट की बढ़ोत्तरी होगी। यानी अगले पांच साल बाद एसबीआई 23.6 लाख रुपए किराया देगा। उसके पांच साल बाद 29.5 लाख रुपए महीने किराया देगा। इन दोनों बंगले की साइज 3,150 वर्गफुट है। एसबीआई ने इसके लिए बच्चन परिवार को 2.26 करोड़ रुपए डिपॉजिट दिया है। यह 12 महीने के किराए के बराबर है।
बच्चन परिवार ने पहले इस बंगले को सिटी बैंक को किराये पर दिया था। दरअसल यहां पर काफी सारे बैंक एचएनआई यानी अमीर लोगों को सेवा देते हैं। इसलिए वे यहां पर अपनी ब्रांच को खोलते हैं। जूहू में किराए की बात करें तो प्रति वर्ग फुट किराया 450 रुपए से 650 रुपए के बीच है। इन बंगलों की कीमत 100-200 करोड़ रुपए के बीच आंकी गई है।
इस साल मई में अमिताभ बच्चन ने 5,184 वर्गफुट की प्रापर्टी 31 करोड़ रुपए में खरीदी थी। अमिताभ ने यह प्रॉपर्टी दिसंबर 2020 में खरीदी थी और इस साल अप्रैल में रजिस्ट्री कराई थी। इसके लिए उन्होंने 62 लाख रुपए स्टैंप ड्यूटी और अन्य फीस भरी थी। अभिषेक बच्चन ने इसी दौरान अपनी एक प्रापर्टी 45.75 करोड़ रुपए में बेच दी थी।