इस साल IPO का टूटा रिकॉर्ड, कंपनियों ने जुटाया 75,751 करोड़ रुपए
मुंबई- भारतीय IPO बाजार से रकम जुटाने का रिकॉर्ड टूट गया है। इस साल में कुल 42 कंपनियों ने 75,751 करोड़ रुपए जुटाए हैं। 2017 में 38 कंपनियों ने 75,279 करोड़ रुपए जुटा कर रिकॉर्ड बनाया था।
इसी महीने BSE के सेंसेक्स ने भी अपना रिकॉर्ड बनाया है। पहली बार सेंसेक्स 60 हजार के पार बंद होने में सफल रहा है। साथ ही कुल मार्केट कैप 262 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर गया था। इस महीने का अंतिम IPO आदित्य बिड़ला सनलाइफ के नाम है। इस म्यूचुअल फंड कंपनी का इश्यू 29 सितंबर को खुलेगा और 1 अक्टूबर को बंद होगा।
IPO में सबसे ज्यादा सब्सक्रिप्शन का रिकॉर्ड भी 170 करोड़ रुपए जुटाने उतरी पारस डिफेंस ने तोड़ा। इसे 304 गुना का रिस्पांस पिछले हफ्ते मिला था। अभी तक यह रिकॉर्ड 273 गुना का था जो 2017 में सालासर टेक के नाम था।
आंकड़े बताते हैं कि 2020 में 15 कंपनियों ने बाजार से 26,628 करोड़ और 2019 में 16 कंपनियों ने 12,687 करोड़ रुपए जुटाए थे। 2017 से पहले 2010 में सबसे ज्यादा 36,562 करोड़ रुपए फंड जुटाई गई थी। इस साल में 64 कंपनियां बाजार में आई थीं। जबकि 2018 में 24 कंपनियों ने 31,731 करोड़ रुपए जुटाए थे। 2016 में 27 कंपनियों ने 26,501 करोड़ तो 2015 में 21 कंपनियों ने 13,513 करोड़ रुपए जुटाए थे। 2012 और 2013 IPO के लिहाज से बहुत खराब साल रहा। दोनों साल में केवल 2,500 करोड़ रुपए कंपनियों ने जुटाए थे।
2009 में 21 कंपनियां बाजार में उतरी थीं। इन्होंने 19,307 करोड़ रुपए जबकि 2008 में 36 कंपनियां 18,340 करोड़ रुपए जुटाने में सफल हुई थीं। 2007 में 104 कंपनियां बाजार में आई थीं। इन्होंने 33,946 करोड़ रुपए जुटाए थे। नंबर्स के लिहाज से यह सबसे बेहतरीन साल रहा है।
सालासर टेक सबसे हिट रहा है। इस IPO को 273 गुना रिस्पांस मिला था। अपोलो माइक्रो को 248 गुना सब्सक्रिप्शन, एस्ट्रान पेपर को 241 गुना, MTAR को 200 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। मिसेज बेक्टर्स को 198 गुना, कैपासिट इंफ्रा को 183 गुना, तत्व चिंतन को 180 गुना, इजी ट्रिप प्लानर्स को 159 गुना और नजारा टेक को 175 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था।
सबसे ज्यादा फायदा देने वाले इश्यू में डीमार्ट की पैरेंट कंपनी अवेन्यू सुपर मार्ट रही है। इसका इश्यू 299 रुपए पर आया था और अब यह 3,951 रुपए पर कारोबार कर रहा है। यानी 12.20 गुना का रिटर्न दिया है। डिक्सन टेक का इश्यू 1766 रुपए पर आया था। इस समय इसका भाव 4,098 रुपए पर है। यानी 10.60 गुना का रिटर्न दिया है। यह शेयर 21000 रुपए के लेवल को भी पार कर गया था। मार्च 2021 में इसे 1 के बदले 5 शेयरों में बांट कर इसका शेयर प्राइस कम किया गया था।
हैप्पिएस्ट माइंड का इश्यू 166 रुपए पर आया था। अब यह शेयर 1,432 रुपए पर कारोबार कर रहा है। इसने 7.62 गुना का फायदा दिया है। सरकारी कंपनी आईआरसीटीसी ने 320 रुपए पर शेयर बेची थी। यह शेयर अब 4 हजार रुपए पर कारोबार कर रहा है। इसने 7.49 गुना का फायदा दिया है। इंडिया मार्ट ने 973 रुपए पर शेयर बेची थी। यह शेयर अब 7,114 रुपए पर कारोबार कर रहा है। यानी इसने 6.30 गुना का रिटर्न दिया है।