3 दिन में 1 लाख का निवेश 2 लाख हुआ जोमैटो, बर्गर किंग के क्लब में अमी आर्गेनिक्स हुई शामिल, 610 का शेयर 1,280 रुपए हुआ

मुंबई- स्पेशियलिटी केमिकल्स का कारोबार करने वाली एमी ऑर्गनिक्स ने इतिहास रच दिया है। यह जोमैटो और बर्गर किंग के क्लब में शामिल हो गई है। तीन दिनों में इसके शेयर ने इश्यू प्राइस की तुलना में दोगुना का मुनाफा दिया है।  

एमी ऑर्गेनिक्स ने IPO में 610 रुपए पर शेयर बेचा था। इसका इश्यू 1 सितंबर को खुला था और 3 सितंबर को बंद हुआ। 14 सितंबर को इसकी लिस्टिंग हुई थी। लिस्टिंग इश्यू प्राइस की तुलना में 48% ज्यादा यानी 902 रुपए पर हुई। तीन दिनों में यह शेयर इश्यू प्राइस की तुलना में दोगुना बढ़ गया। गुरुवार को BSE पर इसका शेयर 14% ऊपर 1,280 रुपए पर बंद हुआ। हालांकि दिन में यह 1,345 रुपए तक गया था।  

इससे पहले इसी तरह का रुझान बर्गर किंग और जोमैटो के शेयर्स में दिखा था। बर्गर किंग पिछले साल 16 दिसंबर को लिस्ट हुई थी। तीन दिनों में इसका शेयर तीन गुना बढ़ा था। 60 रुपए पर इसका इश्यू आया था। 115 रुपए पर लिस्ट हुआ था। लिस्टिंग के दिन यह शेयर 140 रुपए तक गया था। तीसरे दिन यह शेयर 199 रुपए पर बंद हुआ था। लिस्टिंग के चौथे दिन यह 219 रुपए तक चला गया था।  

जोमैटो का शेयर इसी साल जुलाई में लिस्ट हुआ था। इश्यू में इसके शेयर का भाव 76 रुपए था और 115 रुपए पर लिस्ट हुआ था। दूसरे दिन यह शेयर 145 रुपए तक चला गया था। यानी इश्यू प्राइस की तुलना में इसमें दोगुना का मुनाफा निवेशकों को मिला था। आईआरसीटीसी का भी शेयर इसी तरह बढ़ा था। 320 रुपए पर इसका IPO आया था। 14 अक्टूबर 2019 को लिस्टिंग 626 रुपए पर हुई थी। तीसरे दिन इसका शेयर 700 रुपए के पार चला गया था। अब यह शेयर 12 गुना ज्यादा यानी 3,772 रुपए पर कारोबार कर रहा है।  

डीमार्ट चलाने वाली कंपनी अवेन्यू सुपर मार्ट की लिस्टिंग 2017 में हुई थी। 299 रुपए का शेयर 604 रुपए पर लिस्ट हुआ था। तीसरे दिन यह शेयर 634 रुपए पर बंद हुआ था। इसने भी निवेशकों को तीन दिन में मालामाल कर दिया था। यह शेयर इस समय 4,094 रुपए पर कारोबार कर रहा है। 

एमी ऑर्गेनिक्स को 65.42 लाख शेयर्स के इश्यू साइज के मुकाबले 42.22 करोड़ शेयर्स की बोलियां मिलीं थी। स्पेशियलिटी केमिकल्स के रिसर्च और डिवेलपमेंट के साथ कंपनी इससे जुड़ी मैन्युफैक्चरिंग भी करती है। कंपनी यूरोप, चीन, जापान, इजरायल अमेरिका, ब्रिटेन जैसे मार्केट में मल्टीनेशनल फार्मा कंपनियों को फार्मा इंटरमीडिएट्स का एक्सपोर्ट भी करती है। पिछले फाइनेंशियल ईयर में एमी ऑर्गेनिक्स का रेवेन्यू बढ़कर 340.61 करोड़ रुपए रहा था। नेट प्रॉफिट 27.47 करोड़ रुपए से बढ़कर 53.99 करोड़ रुपए पर पहुंच गया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *