इन शेयरों की कीमतों में भारी गिरावट, जानिए किसमें है खरीदारी का मौका
मुंबई- शेयर बाजार अपनी रिकॉर्ड ऊंचाई पर है। सारे लॉर्ज और मिड कैप शेयरों की कीमतों में भारी गिरावट आई है। पिछले 1 महीने में इन शेयरों की कीमतों में 50% तक की गिरावट आई है।
अवध सुगर के शेयर का भाव 1 महीने में 518 रुपए से घट कर 418 रुपए पर आ गया है। आज इसके भाव में 7% की गिरावट आई है। इसी सेक्टर की कंपनी द्वारिकेश सुगर के शेयर का भाव 88 रुपए से गिर कर 62 रुपए पर आ गया है। आज इसके शेयर के भाव में 4% की गिरावट आई है। दोनों चीनी सेक्टर की कंपनी हैं।
उज्जीवन फाइनेंशियल के शेयर का भाव 1 महीने में 255 रुपए से गिर कर 157 रुपए पर आ गया है। इसमें 11% की गिरावट सोमवार को देखी गई। उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक का शेयर 1 महीने पहले 30 रुपए पर था। यह कल 7 पर्सेंट टूट कर 18.45 रुपए पर पहुंच गया। 6 दिन में ही इसकी कीमत 32% गिर गई है। उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक के सीईओ ने पिछले हफ्ते इस्तीफा दे दिया था।
इसी तरह से IDFC लिमिटेड का शेयर 1 महीने पहले 62.70 रुपए पर था सोमवार को 41.70 रुपए पर आ गया है। पिछले एक हफ्ते में इस कंपनी के शेयर के भाव में 15% की गिरावट आई है। IDFC फर्स्ट बैंक का शेयर 1 महीने में 53 रुपए से गिर कर 40 रुपए पर आ गया है।
बंधन बैंक का शेयर 1 महीने में 310 से टूट कर 269 रुपए पर आ गया है। जी एंटरटेनमेंट के शेयर का भाव 213 से गिर कर 166 रुपए पर आ गया है। टाटा मोटर्स का शेयर इसी दौरान 311 रुपए से टूट कर 280 रुपए पर सोमवार को आ गया। यह सभी लॉर्ज कैप शेयर हैं। बाजार इस समय ज्यादा वैल्यूएशन पर है। इस कारण निवेशक सावधानी बरत रहे हैं और मुनाफा वसूली कर रहे हैं।
फार्मा कंपनी के शेयर्स खूब टूट रहे हैं। ल्युपिन का शेयर 1 महीने में 1,191 रुपए से गिर कर 915 रुपए पर आ गया है। जबकि बायोकॉन का शेयर 408 रुपए से टूट कर 348 रुपए पर आ गया है। अरबिंदो फार्मा का शेयर 1 महीने में 977 रुपए से टूट कर 682 रुपए पर आ गया है। शुक्रवार को इसने 1 साल का निचला स्तर बनाया था। तब इसका भाव 677 रुपए पर चला गया था।
लॉर्ज कैप में अडाणी ग्रीन एनर्जी, मदरसन सूमी, अडाणी पोर्ट, इंडस टॉवर जैसे शेयर्स की कीमतें भी टूटी हैं। यह शेयर 15 से 25% तक टूटे हैं। वेदांता, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, एमआरएफ टायर और हीरो मोटोकॉर्प जैसे शेयर 1 साल के अपने भाव से 20% तक टूट गए हैं। इसी तरह स्माल कैप शेयरों की कीमतों में भी गिरावट आई है।