पेट्रोल और डीजल की कीमतें 30 दिन से नहीं बढ़ीं, कुछ दिन और नहीं बढ़ेंगी
मुंबई- पेट्रोल और डीजल की कीमतें आने वाले कुछ दिनों तक नहीं बढ़ेंगी। पिछले 30 दिनों से इन दोनों की कीमतों में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कोई बढ़ोत्तरी नहीं की है। रविवार को पेट्रोल की कीमत दिल्ली में 101.84 रुपए प्रति लीटर थी। डीजल की कीमत 89.87 रुपए प्रति लीटर थी। इससे पहले 18 जुलाई को कीमतें बढ़ी थीं। यह कीमत पिछले 30 दिनों से इसी स्तर पर है।
मुंबई की बात करें तो वहां पर पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए प्रति लीटर 29 मई को हुई थीं। हालांकि यह 107 रुपए के पार पहुंच गई थी। डीजल की कीमतें 97.45 रुपए प्रति लीटर पर हैं। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 102 रुपए के पार है। डीजल की कीमतें यहां 93 रुपए प्रति लीटर के पार है। देश के 15 राज्यों के 25 शहरों में पेट्रोल की कीमतें 100 रुपए प्रति लीटर के पार हैं।
ग्लोबल लेवल पर लगातार तीसरे दिन पेट्रोल की कीमत में 1 पर्सेंट की गिरावट आई है। यह 69.90 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि कई देशों में डेल्टा वेरिएंट के मामले बढ़ने के कारण चिंता बढ़ रही है। जानकारों का मानना है कि ईंधन की ज्यादा कीमतें महंगाई को बढ़ाने में और मदद करेंगी। क्योंकि पिछले काफी समय से ईंधन की कीमतें ज्यादा भाव पर हैं।
ईंधन की कीमतें बढ़ने से कई कमोडिटीज की कीमतें बढ़ जाती हैं। इसका प्रमुख कारण यह है कि डीजल से माल ढुलाई होती है। इसलिए डीजल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर कमोडिटी पर होता है। कमोडिटीज में जरूरी चीजों जैसे खाने की सामानों की कीमतें बढ़ती हैं। जुलाई में महंगाई की दर भले कम हुई, पर ईंधन की ज्यादा कीमतें आगे इसके बढ़ने में और मदद कर सकती हैं।