अमेरिकी बाजार में हाहाकार, एसएंडपी 500 का मार्केट कैप 350 लाख करोड़ घटा

मुंबई- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश में मंदी की आशंका से इन्कार नहीं किया है। उनके इस बयान से सोमवार और मंगलवार को भी अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। S&P 500 में करीब 4 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। यह नुकसान भारत के शेयर बाजार (BSE) में लिस्टेड सभी कंपनियों के कुल मार्केट कैप के बराबर है। सोमवार की गिरावट का सबसे ज्यादा असर टेक कंपनियों के शेयरों पर पड़ा। Apple और Nvidia दोनों के शेयर लगभग 5% गिर गए जबकि Tesla के शेयरों में 15% से अधिक गिरावट आई। इस गिरावट से टेस्ला का मार्केट कैप $125 अरब घट गया।

बढ़ते व्यापारिक तनाव, महंगाई की चिंता और ट्रंप की आर्थिक नीतियों को लेकर अनिश्चितता ने बाजार को हिला दिया। सोमवार को S&P 500 इंडेक्स 2.7% गिर गया। फरवरी के अपने उच्चतम स्तर से अब तक यह 8.6% नीचे आ गया है। मंगलवार को यह 500 अंक तक टूट गया था। Nasdaq Composite में भी 4% गिरावट आई जो सितंबर 2022 के बाद इसमें एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट है। BSE में लिस्टेड सभी कंपनियों की कुल वैल्यू करीब $4.5 ट्रिलियन है जबकि अमेरिकी शेयर बाजार की वैल्यू करीब $57 ट्रिलियन है।

वॉल स्ट्रीट की इस गिरावट ने ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने के बाद आई तेजी से हुए फायदे को मटियामेट कर दिया है। 5 नवंबर को ट्रंप के दोबारा चुने जाने के बाद बाजार में तेजी आई थी। लेकिन अब निवेशक उनके आक्रामक टैरिफ के कारण आर्थिक जोखिमों का पुनर्मूल्यांकन कर रहे हैं। UBS ने एक रिपोर्ट में चेतावनी दी है कि अमेरिका में मंदी या आर्थिक सुस्ती की संभावना 20% से बढ़कर 30% हो गई है। ट्रंप की बदलती टैरिफ नीति और इससे पैदा हुई अनिश्चितता का असर अमेरिकी शेयर बाजार पर पड़ने लगा है।

वॉल स्ट्रीट की उथल-पुथल का असर दुनिया भर में देखने को मिल रहा है। भारतीय शेयर बाजार भी अपनी चुनौतियों से जूझ रहा है। Nifty 50 अपने सितंबर के उच्चतम स्तर से 15% गिर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *