इस भारतीय ने बेटी की शादी में खर्च किए 550 करोड़, अब हो गए दिवालिया
मुंबई- प्रमोद मित्तल कभी दुनिया के सबसे धनी व्यक्तियों में से एक थे। अब वह पाई-पाई को मोहताज हैं। 2020 में प्रमोद दिवालिया हो गए थे। तब लंदन की एक अदालत ने उन्हें बैंक्रप्ट घोषित किया था। प्रमोद मित्तल जाने-माने उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के भाई हैं। दिवालिया होने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई कि उन्हें अपने रोजमर्रा के खर्चों के लिए परिवार पर निर्भर रहना पड़ा। उन पर 13 करोड़ पाउंड से ज्यादा का कर्ज था। उनके पास सिर्फ 45 पाउंड की संपत्ति दिल्ली में बची थी।
प्रमोद मित्तल इस्पात इंडस्ट्रीज लिमिटेड (अब जेएसडब्ल्यू इस्पात स्टील) के चेयरमैन रह चुके हैं। कभी दुनिया के सबसे अमीर लोगों में उनकी गिनती होती थी। वह अपनी शानदार जीवनशैली और खर्चीली आदतों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपनी बेटी श्रृष्टि की शादी में लगभग 550 करोड़ रुपये खर्च किए थे। यह शादी 2013 में हुई थी।
मित्तल के दिवालिया होने की कहानी एक बोस्नियाई कोक कंपनी GIKIL से जुड़ी है। प्रमोद मित्तल ने GIKIL के कर्ज की गारंटी ली थी। जब GIKIL कर्ज नहीं चुका पाया तो मित्तल पर भी इसका असर पड़ा। GIKIL लंदन की स्टील ट्रेडिंग कंपनी को भुगतान नहीं कर पाई, जिसके लिए मित्तल गारंटर थे। इसके चलते उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ती गई। अंत में उन्हें दिवालिया घोषित कर दिया गया।
2019 में बोस्निया में धोखाधड़ी के आरोप में प्रमोद मित्तल और GIKIL के दो अन्य अधिकारियों को गिरफ्तार भी किया गया था। दिवालिया होने के समय प्रमोद मित्तल की उम्र 68 साल थी। उन्होंने अपने लेनदारों को उस समय लगभग 24,000 करोड़ रुपये का भुगतान किया। उन्होंने दिवालियापन की अर्जी में बताया कि उनके पास कोई व्यक्तिगत आय नहीं है। दिल्ली में सिर्फ 45 पाउंड की संपत्ति उनके नाम पर थी।
दूसरी तरफ, उनके भाई लक्ष्मी मित्तल आज भी दुनिया के सबसे अमीर भारतीयों में से एक हैं। फोर्ब्स के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 15.5 अरब डॉलर है।