आईपीएल में ऋषभ पंत को मिले 27 करोड़, जानिए हकीकत में कितना मिलेगा
मुंबई- सऊदी अरब के जेद्दाह में 2 दिन चले IPL के मेगा ऑक्शन में 10 फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों को खरीदने पर 639.15 करोड़ रुपये खर्च किए। ऑक्शन में 182 खिलाड़ी बिके, इसमें 62 विदेशी खिलाड़ी हैं। ऋषभ पंत IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 27 करोड़ रुपए में खरीदा।
जब खिलाड़ियों की नीलामी होती है, तो उनकी नीलामी राशि से TDS के रूप में कटौती की जाती है। भारत सरकार भारतीय खिलाड़ियों की सैलरी पर 10% टैक्स लगाती है। यह टैक्स IPL फ्रेंचाइजी खिलाड़ी को पेमेंट करने से पहले टैक्स डिडक्टेड एट सोर्स (TDS) के रूप में काटती है। वहीं विदेशी खिलाड़ियों की सैलरी पर 20% टैक्स काटा जाता है।
यदि किसी भारतीय खिलाड़ी की सैलरी 10 करोड़ रुपए है, तो फ्रेंचाइज़ी खिलाड़ी को पेमेंट करने से पहले टैक्स के रूप में 1 करोड़ रुपए काट लेगी। वहीं अगर विदेशी खिलाड़ी की सैलरी 10 करोड़ रुपए है, तो फ्रेंचाइजी 2 करोड़ रुपए टैक्स काट लेती है। काटे गए TDS को खिलाड़ियों की ओर से भारत सरकार के पास जमा किया जाता है।
एक वित्तीय वर्ष में 182 दिनों से अधिक समय तक भारत में मौजूद रहने वाले विदेशी खिलाड़ी इंडियन इनकम टैक्स लॉ के तहत आते हैं। ऐसे मामलों में, IPL टीमों से मिले पैसे उनकी आय उनकी कुल आय में जोड़ दी जाती है और टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगता है।
विदेशी खिलाड़ी जो एक वित्तीय वर्ष में 182 दिनों से अधिक समय तक भारत में मौजूद नहीं रहते हैं, उनकी पूरी आय पर भारतीय आयकर कानूनों के अनुसार टैक्स नहीं लगाया जाता है।