सरकार ने कहा, चालू वित्त वर्ष में 7.3 फीसदी रहेगी हमारी जीडीपी विकास दर
मुंबई- भारतीय अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से खनन, उत्खनन, विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों के कुछ क्षेत्रों के अच्छे प्रदर्शन बल पर चालू वित्त वर्ष में 7.3 फीसदी की दर से बढ़ेगी। एक साल पहले यह 7.2 फीसदी थी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की ओर से जारी पहले अग्रिम अनुमान के मुताबिक, वित्तीय सेवाओं, रियल एस्टेट और पेशेवर सेवाओं में चालू वित्त वर्ष में 8.9 फीसदी की वृद्धि का अनुमान है जो एक साल पहले 7.1 फीसदी थी।
एनएसओ के मुताबिक, वास्तविक जीडीपी (2011-12) के आधार पर 2023-24 में 171.79 लाख करोड़ रुपये होगी। 2022-23 में 160.06 लाख करोड़ का अनुमान था। सामान्य जीडीपी 2023-24 में अनुमानित 8.9 फीसदी की दर से बढ़ सकती है जो 2022-23 में 16.1 फीसदी की दर से बढ़ी थी।
कृषि क्षेत्र की विकास दर 1.8 फीसदी रह सकती है जो एक साल पहले चार फीसदी थी। ट्रे़ड, होटल, ट्रांसपोर्ट, कम्युनिकेशन और सेवाओं से संबंधित क्षेत्र 6.3 फीसदी की दर से बढ़ सकते हैं। एक साल पहले इसमें 14 फीसदी की गिरावट थी। सार्वजनिक प्रशासन, रक्षा और अन्य सेवाओं की विकास दर 7.7 फीसदी रहने का अनुमान है।