भारत ने रूस से खरीदा रिकॉर्ड कच्चा तेल, हर दिन 19.6 लाख बैरल का आयात 

मुंबई- भारत का रूस से सस्ते कच्चे तेल का आयात मई माह में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है। रूस से आयात सऊदी अरब, इराक, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अमेरिका से सामूहिक रूप से खरीदे गए तेल के आंकड़े को भी पार कर गया है। 

आंकड़ों के मुताबिक, भारत ने मई में रूस से प्रतिदिन 19.6 लाख बैरल तेल का आयात किया, जो अप्रैल की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है। भारत के कुल कच्चे तेल आयात में रूस का हिस्सा 42 प्रतिशत हो गया है जो यूक्रेन युद्ध से पहले एक फीसदी से भी कम था। यह हाल के वर्षों में किसी एक देश के लिए सबसे अधिक हिस्सेदारी है। मई में सऊदी अरब से भारत ने तेल का आयात घटाकर 5,60,000 टन कर दिया। यह फरवरी, 2021 के बाद निचला स्तर है। 

मई में तेल निर्यातक देशों के संगठन-ओपेक की भारत के कच्चा तेल आयात में हिस्सेदारी घटकर अपने सार्वकालिक निचले स्तर 39 प्रतिशत पर आ गई। पहले यह हिस्सा 90 प्रतिशत तक होता था। मई में भारत ने हर दिन 47 लाख बैरल तेल आयात किया। इसमें ओपेक का हिस्सा 18 लाख बैरल था। अप्रैल में यह 21 लाख बैरल से नीचे था। पिछले साल फरवरी में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से भारत के आयात में रूसी तेल का हिस्सा लगातार बढ़ रहा है। यह लगातार आठवां महीना है जब रूस, भारत का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बना हुआ है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *