इन कारणों से इस हफ्ते तेजी में रह सकता है भारतीय शेयर बाजार 

मुंबई- भारतीय शेयर बाजार इस हफ्ते तेजी में रह सकते हैं। कई सारे कारण बाजार की चाल तय करेंगे। इसमें भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक में रेपो दर पर फैसला, कंपनियों के परिणाम, विदेशी निवेशकों के निवेश और अन्य कारण हैं। 

आरबीआई की पॉलिसी समीक्षा 6 से 8 जून के बीच होनी है। अनुमान है कि रिजर्व बैंक दरों को जस का तस रखेगा। इसके साथ ही बाजार की नजर रिजर्व बैंक की टिप्पणियों पर भी रहेगी, जहां यह पता चलेगा कि आगे वह क्या अनुमान लेकर चल रहा है। 

कंपनियों के परिणाम अब अंतिम चरण में हैं। निवेशकों की नजर विदेशी संकेतों पर रहेगी। इसमें अमेरिका, इंग्लैंड, यूरोपियन यूनियन चीन के पीएमआई आंकड़े और अमेरिका के ट्रेड से जुड़े आंकड़े रहेंगे।बाजार विदेशी निवेशकों के निवेश पर भी नजर रखेगा। मई में एफआईआई ने शेयर बाजार में 43800 करोड़ और जून में अब तक 6,400 करोड़ से ज्यादा निवेश किया है। 

सभी की निगाहें तेल निर्यातक देशों के समूह (ओपेक) और उसके सहयोगियों की मीटिंग पर टिकी हैं। इसका फैसला इस हफ्ते के अंत तक आ सकता है। इस हफ्ते की शुरुआत में मानसून के आने की संभावना है। ऐसे में ग्रामीण और कृषि से जुड़े स्टॉक फोकस में रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, देश के उत्तर पश्चिम के इलाके को छोड़कर इस मानसून में भारत में सामान्य बारिश होने की संभावना है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *