पीएम की आर्थिक सलाहकार परिषद चेयरमैन ने कहा, टाटा से बेहतर सरकारी ही थी एअर इंडिया

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के चेयरमैन बिबेक देबरॉय ने कहा है कि एअर इंडिया सरकारी ही अच्छी थी। जब से इसका निजीकरण हुआ है, इसकी सेवा खराब हो गई है। शुक्रवार को कई सारे ट्वीट में उन्होंने कहा, मुंबई से दिल्ली जानेवाली एआई 687 की उड़ान में देरी से वह तंग आ गए। 

देबरॉय ने लिखा, एअर इंडिया से तंग आ गया हूं। एआई 687 का उड़ान भरने का निर्धारित समय 16.35 बजे का था। यह समय बार-बार बदल रहा है। अब इसका समय 19.00 बजे कर दिया गया है। अभी भी कोई जानकारी नहीं है। 

उन्होंने कहा, इससे अच्छा तो यह सरकारी रहने पर ही सही थी। इसके अलावा, देबरॉय ने कहा कि यह एक विवेकपूर्ण निर्णय है कि एक विकल्प दिए जाने पर वह निकट भविष्य में कभी भी एअर इंडिया से उड़ान नहीं भरेंगे। 

देबरॉय के मुताबिक, यह निजीकरण के बाद में इसकी सेवा बहुत खराब हो गई है। इसके लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं लगता है। काउंटर पर मौजूद कर्मचारी लगातार बयान बदल रहे हैं। अधिक विमानों का ऑर्डर दिए जाने से सेवा में सुधार नहीं होता है। 

उन्होंने कहा, मुंबई-दिल्ली एआई 687 नरक है। गेट पर चार घंटे से इंतजार कर रहा हूं। देबरॉय को जवाब देते हुए, एअर इंडिया ने एक ट्वीट में कहा कि परिचालन संबंधी कारणों से उड़ान में देरी हो रही है और यह रात 8 बजे प्रस्थान करेगी। कृपया आश्वस्त रहें। हमारी टीम सभी यात्रियों की सहायता करने की पूरी कोशिश कर रही है।  

देबरॉय ने जवाब दिया कि टीम किसी भी यात्री की सहायता नहीं कर रही है। उन्होंने ट्वीट किया, क्या आप चाहते हैं कि मैं नाराज यात्रियों का वीडियो ट्वीट करूं? अगर वे मदद करना चाहते हैं तो मैं 4 घंटे इंतजार कर रहे यात्रियों को चाय/कॉफी की सलाह देता हूं। एअर इंडिया को पिछले साल जनवरी में टाटा ने खरीद लिया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *