तीन दिन में 39 फीसदी तक टूटे अदाणी के शेयर्स, 5.57 लाख करोड़ डूबे
मुंबई- अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों का गिरना लगातार जारी है। तीसरे दिन भी इसके शेयरों में 20 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार से अब तक के तीन कारोबारी सत्रों में शेयरों में 39 फीसदी तक की गिरावट आई है। इससे बाजार पूंजीकरण 5.57 लाख करोड़ घटा है। मंगलवार को समूह का कुल पूंजीकरण 19.20 लाख करोड़ रुपये था जो सोमवार को घटकर 13.63 लाख करोड़ रुपये हो गया।
सोमवार को अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी टोटल गैस 20-20 फीसदी टूटे। ट्रांसमिशन 14.9, विल्मर, पावर और एनडीटीवी 5-5 फीसदी टूटकर बंद हुए। हालांकि, एसीसी, अंबुजा, पोर्ट और एंटरप्राइजेज बढ़त के साथ बंद हुए। उधर, दूसरी ओर हिंडनबर्ग और अदाणी समूह का एक दूसरे पर हमला जारी है।
सितंबर में अदाणी की नेटवर्थ 155.7 अरब डॉलर थी। सोमवार को नेटवर्थ 88.7 अरब डॉलर रही। यानी 62 अरब डॉलर की कमी आई है। दिसंबर तक दुनिया के शीर्ष अमीरों में केवल अदाणी ऐसे अमीर थे, जिनकी संपत्ति में उस साल उछाल आया था। पर इस साल जनवरी में शीर्ष 12 अमीरों की सूची में एकमात्र अदाणी हैं जिनकी संपत्ति 28 अरब डॉलर घटी है। अदाणी अब दुनिया के अमीरों में आठवें नंबर पर खिसक गए हैं।
हिंडनबर्ग ने कहा, हम यह मानते हैं कि अदाणी समूह भारत के भविष्य को रोक रहा है। यह व्यवस्थित रूप से देश को लूट रहा है। अदाणी समूह ने जितने भी सवालों के जवाब दिए वे बड़े पैमाने पर निष्कर्षों की पुष्टि नहीं करते। सवालों से बचने की कोशिश की गई है। राष्ट्रवाद की आड़ में धोखे से नहीं बचा जा सकता है। इसने कहा कि उसके 88 सवालों में से 62 के कोई जवाब नहीं मिले हैं।
अदाणी समूह ने अपने जवाब में कहा है कि ये भारत देश, उसके संस्थान और विकास की कहानी पर सोच-समझकर किया गया हमला है। अदाणी समूह ने रविवार को कहा, यह बहुत चिंता की बात है कि बिना किसी विश्वसनीयता या नैतिकता के हजारों मील दूर बैठी एक संस्था हमारे निवेशकों पर गंभीर और विपरीत प्रभाव डाल रही है। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट तैयार करने के लिए सही ढंग से रिसर्च नहीं की गई है, ना ही यह रिपोर्ट स्वतंत्र है। हिंडनबर्ग ने गलत सूचनाओं का उपयोग अदाणी समूह को बदनाम करने के लिए किया है।
एलआईसी ने कहा है, पिछले कई वर्षों मे उसने अदाणी ग्रुप की कंपनी के 30,129 करोड़ रुपये के शेयर्स खरीदे हैं। जिसका बाजार मूल्य 27 जनवरी 2023 को 56,142 करोड़ रुपये था। समूह में उसके कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट का केवल 0.97 फीसदी है। एलआईसी का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट 41.66 लाख करोड़ रुपये है।
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने सोमवार को कहा कि वह अदाणी समूह पर करीब से नजर बनाए रखा है। इसने समूह को करीब 7,000 करोड़ रुपये का कर्ज दिया है। बैंक के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार गोयल ने कहा, आज की तारीख में चिंता की कोई बात नहीं है क्योंकि बैंक के आकार के अनुपात में निवेश बहुत ज्यादा नहीं है।
तीन दिन की गिरावट | गिरावट फीसदी में | पूंजी घटी (करोड़ रुपये) |
अदाणी ग्रीन एनर्जी | 37.93 | 1,15,000 |
अदाणी टोटल गैस | 39.57 | 1,69,000 |
अदाणी ट्रांसमिशन | 37.95 | 1,17,000 |
अदाणी पोर्ट | 21.55 | 36,000 |
अदाणी एंटरप्राइजेज | 16.38 | 64,000 |
अदाणी विल्मर | 14.25 | 10,618 |
अदाणी पावर | 14.24 | 5,111 |
अंबुजा सीमेंट | 22.28 | 22,060 |
एसीसी सीमेंट | 18.47 | 8,103 |
एनडीटीवी | 14.22 | 260 |