पठान ने तो़ड़े सभी रिकॉर्ड, चार दिन में किया 540 करोड़ रुपये का कारोबार
मुंबई- पठान की जबरदस्त सफलता के बाद सोमवार को पहली बार शाहरुख खान मीडिया के सामने आए। साथ में दीपिका पादुकोण, जॉन अब्राहम और फिल्म के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद भी थे। शाहरुख फुल मस्ती के मूड में थे।
उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि पिछले चार सालों में मैंने बच्चों को बड़ा होते देखा। खाना बनाना सीखा। फिल्मों से अलग एक दूसरा बिजनेस प्लान भी सोचा कि अगर फिल्में नहीं चलीं तो रेड चिलीज फूड ईटरी के नाम से रेस्त्रां खोलूंगा।
शाहरुख ने कहा, ‘फिल्म अच्छा बिजनेस करती है तो खुशी होती है। पठान रिलीज के पिछले चार दिनों में मैं गुजरे चार साल भूल गया हूं।’ वहीं, जॉन अब्राहम का कहना है कि आदित्य चोपड़ा की वजह से पठान इतनी बड़ी हिट हो पाई है। सबको लगता है कि मैं एक्शन हीरो हूं लेकिन आज मैं दावे से कह सकता हूं कि शाहरुख इस देश के सबसे बड़े एक्शन हीरो हैं।’
शाहरुख खान की फिल्म पठान बॉक्स ऑफिस पर हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही है। इसने रिलीज के पांचवें दिन करीब 62 करोड़ का कलेक्शन किया। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुल कलेक्शन 271 करोड़ है। इस लिहाज से पठान ने KGF-2 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
KGF-2 (हिंदी वर्जन) ने चार दिन में 144 करोड़ का कलेक्शन किया था। भारत में बॉक्स ऑफिस पर सबसे कम समय में 271 करोड़ कमाने वाली पठान पहली हिंदी फिल्म है। इससे पहले बाहुबली-2 (हिंदी वर्जन) और KGF-2 (हिंदी वर्जन) को 250 करोड़ के क्लब में पहुंचने में 7 से 8 दिन लगे थे।
विदेश के कलेक्शन को भी मिला लें तो पठान ने 5 दिनों मे 540 करोड़ कमाए हैं। इस तरह उसने फिल्म 2.0 का रिकार्ड ब्रेक कर दिया है। इस लिस्ट में टाप पर बाहुबली 2 का नाम है जिसने पूरे विश्व में पहले सप्ताह में 845 करोड़ का कलेक्शन किया था।
शाहरुख खान की पिछले 10 सालों में 8 फिल्में रिलीज हुई हैं। इन 8 फिल्मों में से तीन फिल्में फ्लॉप रहीं। 2013 में रिलीज हुई चेन्नई एक्सप्रेस ब्लॉकबस्टर रही थी। फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 100.42 करोड़ का कलेक्शन किया था। दस साल बाद शाहरुख खान की फिल्म पठान ने इस रिकॉर्ड को भी ब्रेक कर दिया।