टाटा की कारें और महंगी हुईं, आज से कंपनी ने बढ़ाए सभी मॉडल के दाम
मुंबई- टाटा मोटर्स की कारें खरीदना अब और महंगा होने वाला है। कंपनी ने बताया कि टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की कीमतों में 0.90% की बढ़ोतरी करने जा रहा है। ये बड़ी हुई कीमतें आज से लागू हो जाएंगी। टाटा के पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में सफारी, हैरियर, अल्ट्रोज, नेक्सन, टियागो और टिगोर जैसी कारें हैं। ये इस साल में ये चौथे बार है जब टाटा मोटर्स ने गाड़ियों के दाम बढ़ाए हैं।
टाटा मोटर्स के मुताबिक इसकी पैसेंजर व्हीकल्स की कीमतों में औसतन 0.90% की बढ़ोतरी की जाएगी। हालांकि कीमतें कितनी बढ़ेंगी, यह वैरिएंट और मॉडल के हिसाब से है यानी कि सभी गाड़ियों की कीमतों में अलग-अलग बढ़ोतरी होगी।
टाटा मोटर्स ने इससे पहले लागत बढ़ने के चलते जुलाई में भी कीमतों में बढ़ोतरी की थी। पैसेंजर गाड़ियों के दाम 0.55% बढ़ाए थे। इससे पहले अप्रैल में भी दाम करीब 1.1% बढ़ाए थे। इतना ही नहीं इससे पहले जनवरी 2022 में भी कंपनी ने अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट के आधार पर 0.9% का इजाफा किया था। उस वक्त भी इनपुट लागत बढ़ने की वजह से कीमतें बढ़ाई गई थीं।
अक्टूबर 2022 में टाटा मोटर्स की कुल बिक्री सालाना आधार पर 15.49% की बढ़त के साथ 78,335 यूनिट पर रही थी। पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी ने 67,829 वाहन बेचे थे। अक्टूबर महीने में टाटा मोटर्स के कुल घरेलू बिक्री में सालाना आधार पर 17% की बढ़त के साथ 76,537 यूनिट रही। जो कि 2021 के अक्टूबर महीने में 65,151 यूनिट थी।
अक्टूबर 2022 में टाटा मोटर्स ने इलेक्ट्रिक व्हीकल सहित घरेलू बाजार में कुल 45,423 पैसेंजर व्हीकल बेचे। जबकि अक्टूबर 2021 में कंपनी ने घरेलू बाजार में कुल 34,155 पैसेंजर व्हीकल बेचे थे।