जनवरी की तुलना में फरवरी में GST कलेक्शन रोजाना औसत में ज्यादा रहा  

मुंबई- फरवरी महीने में गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) कलेक्शन 133,026 करोड़ रुपए रहा। हालांकि रोजाना कलेक्शन का औसत निकालें तो जनवरी से ज्यादा कलेक्शन रहा है। क्योंकि फरवरी 28 दिन का रहा है जबकि जनवरी 31 दिन का था। जनवरी में हर दिन औसतन कलेक्शन 4,464.32 करोड़ रुपए था जो फरवरी में बढ़कर 4,750.92 करोड़ रुपए रहा। 

एक साल पहले के फरवरी की तुलना में इस बार इसमें 18%की बढ़त आई है। फरवरी 2020 की तुलना में इस बार 26% की बढ़त आई है। इसी के साथ GST सेस कलेक्शन भी पहली बार 10 हजार करोड़ रुपए के पार चला गया है। फरवरी 2021 में 113,143 करोड़ रुपए की तुलना में इस बार 20 हजार करोड़ रुपए की बढ़त हुई है। आंकड़ों के अनुसार, आयातित (इंपोर्ट) सामानों से GST रेवेन्यू घरेलू लेन-देन की तुलना में 38% ज्यादा रहा है।  

2017 जुलाई से यह लगातार पांचवीं बार है, जब कलेक्शन 1.30 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा रहा है। इसके पहले जनवरी महीने में यह 138,394 करोड़ रुपए था। यानी उसकी तुलना में इसमें 5 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की कमी आई है। दिसंबर 2021 में कुल कलेक्शन 129,780 करोड़ रुपए था जबकि नवंबर में यह 1.31 लाख करोड़ रुपए था।  

सरकार ने 26,347 करोड़ रुपए CGST और 21,909 करोड़ SGST के तहत सेटल्ड किया। CGST मतलब केंद्र सरकार और SGST मतलब राज्य सरकार के रेवेन्यू से है। केंद्र और राज्य सरकार के रेगुलर सेटलमेंट के बाद CGST 50,782 करोड़ और SGST 52,688 करोड़ रुपए रहा।  

रेवेन्यू में यह बढ़त ऐसे समय में आई है, जब जनवरी में कुछ राज्यों में कोरोना की वजह से प्रतिबंध भी लगा था। इससे यह भी संकेत मिल रहा है कि कोविड की तीसरी लहर का बहुत ज्यादा असर नहीं दिखा है और चौथी तिमाही भी ठीक- ठाक रहने वाली है।  

हालांकि सोमवार को आए अर्थव्यवस्था के आंकड़ों पर जरूर असर दिखा था। GDP की ग्रोथ तीसरी तिमाही में 5.4% रही जो कि दूसरी तिमाही की तुलना में 3% कम थी।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *