रूस ने यूक्रेन पर शुरू की बमबारी, सेंसेक्स 1400 पॉइंट्स टूटा, निवेशकों को 6 लाख करोड़ का घाटा
मुंबई- शेयर बाजार में आज भारी गिरावट है। पहले मिनट में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,400 पॉइंट्स टूटकर 55,904 पर पहुंच गया है। बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई है।
रूस ने आधिकारिक रूप से यूक्रेन पर बमबारी शुरू कर दी है। इसी वजह से यह असर हुआ है। निवेशकों को शुरुआती मिनट में 6 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 249.18 लाख करोड़ रुपए है जो कल 255.68 लाख करोड़ रुपए था।
सेंसेक्स के 56 शेयर अपर सर्किट में और 362 लोअर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनके शेयर्स में एक तय सीमा से ज्यादा की गिरावट नहीं आ सकती है और न ही बढ़त हो सकती है। सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों में से 2,378 शेयर्स गिरावट में और 270 शेयर्स बढ़त में हैं। 35 शेयर्स एक साल के ऊपरी स्तर और 171 निचले स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
इससे पहले बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स आज 68 पॉइंट्स गिर कर 57,232 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 29 अंक टूटकर 17,063 पर बंद हुआ।
लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 255.68 लाख करोड़ रुपए है
आज सेंसेक्स 1,814 अंक नीचे 55,416 पर खुला था। पहले घंटे में इसने 55,984 का ऊपरी और 55,375 का निचला स्तर बनाया। इसके सभी 30 शेयर्स गिरावट में हैं। गिरने वाले प्रमुख स्टॉक में टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, एयरटेल, इंडसइंड बैंक, ICICI बैंक के शेयर्स 3-3% से ज्यादा टूटे हैं।
इसी तरह से टेक महिंद्रा, TCS, विप्रो, एचसीएल टेक, HDFC, SBI, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, HDFC बैंक, इंफोसिस, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, मारुति, डॉ. रेड्डी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और ITC के स्टॉक 2 से 3% तक टूटे हैं। पावरग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, कोटक बैंक, टाइटन, नेस्ले, सनफार्मा और NTPC के शेयर एक-एक पर्सेंट तक गिरे हैं।
उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 421 अंक नीचे 16,641 पर कारोबार कर रहा है। यह 16,548 पर खुला था और 16,705 का ऊपरी तथा 16,546 का निचला स्तर बनाया। इसके सभी 50 शेयर्स नीचे हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, यूपीएल, इंडसइंड बैंक और अडाणी पोर्ट हैं।