मुंबई में अब 500 वर्ग फुट वाले फ्लैट पर नहीं लगेगा प्रापर्टी टैक्स

मुंबई- चुनावी वर्ष में मुंबई महानगरपालिका के बजट में किसी भी तरह का नया टैक्स नहीं लगाया गया है। हालांकि मनपा अपने रिजर्व फंड से 7,756.40 करोड़ रुपए कर्ज लेगी। इसी के साथ मुंबई में 500 वर्ग फुट वाले कार्पेट एरिया के फ्लैट पर प्रापर्टी टैक्स नहीं लगेगा। इससे प्रापर्टी टैक्स से होने वाली आय 2021-22 में 7000 करोड़ से घट कर ₹4800 करोड़ का अनुमान है।

दरअसल विधानसभा चुनाव में इस तरह की घोषणा शिवसेना ने की थी और इसी साल एक जनवरी को भी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इसे अमल में लाने की बात कही थी। मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने गुरुवार को मनपा की स्थायी समिति के समक्ष वर्ष 2022 -23 का बजट पेश किया। 45,949.21 करोड़ रुपए के बजट में पुरानी योजनाओं को पूरा करने पर बल दिया गया है।

पिछले वर्ष पेश किए गए 39,038 करोड़ के बजट की अपेक्षा इस साल का बजट 6,850 करोड़ अधिक है। पानी के बिल एवं प्रापर्टी टैक्स में हर साल 8 प्रतिशत बढ़ोत्तरी का निर्णय 8 साल पहले ही ले लिया गया था, जिससे उसका जिक्र बजट में करना भी प्रशासन ने जरुरी नहीं समझा। वर्ष 2022 -23 के बजट में कोस्टल रोड, गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड, समुद्र के पानी को पीने योग्य बनाने की परियोजना , सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसे बड़ी परियोजनाओं के लिए भरपूर निधि उपलब्ध करायी गयी है।

मनपा बजट में शिक्षा एवं हेल्थ पर विशेष फोकस किया गया है। इसके लिए बजट में बढ़ोत्तरी की गयी है। मनपा के स्कूलों में केंब्रिज विश्वविद्यालय का पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके लिए कौशल्य विकास प्रयोगशाला बनाया जाना है। मनपा विद्यार्थियों के लिए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण करेगी.शिक्षा पर बजट में 3370,24 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *