दुनिया के टॉप 10 अमीरों में एक भारतीय, अडाणी ने अंबानी को पीछे छोड़ा

मुंबई- दुनिया के अमीरों की लिस्ट में हाल के सालों में पहली बार भारतीय अमीर शामिल हुआ है। अडाणी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी आज इस लिस्ट में आ गए हैं। जबकि मुकेश अंबानी अब 11 वें नंबर के सबसे रईस बिजनेसमैन हैं।

फोर्ब्स की रियलटाइम बिलिनेयर रिपोर्ट के मुताबिक, आज सुबह 11 बजे गौतम अडाणी की संपत्ति 6.78 लाख करोड़ रुपए है। इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी की संपत्ति 6.69 लाख करोड़ रुपए है। अभी तक अडाणी 12 वें नंबर पर और अंबानी 11 वें नंबर पर हुआ करते थे। पर आज शेयर्स की कीमतों में उतार-चढ़ाव की वजह से दोनों के बीच रैंकिंग बदल गई है।

25 जनवरी को गौतम अडाणी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ा था। उस समय दोनों की संपत्ति के बीच में केवल एक हजार करोड़ रुपए का अंतर था। अंबानी की संपत्ति 6.71 लाख करोड़ रुपए थी जबकि अडाणी की 6.72 लाख करोड़ रुपए थी। फोर्ब्स के रीयल-टाइम डेटा के अनुसार, 31 दिसंबर को गौतम अडानी की नेटवर्थ 78 अरब डॉलर (5.82 लाख करोड़ रुपये) थी, जो 18 जनवरी 2022 को बढ़कर 93 अरब डॉलर (6.95 लाख करोड़ रुपए) हो गई थी। 25 जनवरी को अडाणी की नेटवर्थ 6.72 लाख करोड़ रुपए हो चुकी है।

अडाणी ग्रुप की 6 कंपनी भारतीय शेयर बाजार में लिस्टेड हैं। इस साल जनवरी में ही इन सभी कंपनियों में 5% से लेकर 45% तक का रिटर्न मिला। खासतौर पर ग्रुप की एनर्जी कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही है। अडाणी की सातवीं कंपनी अगले हफ्ते लिस्ट होने वाली है। अडाणी विल्मर के लिस्ट होने के बाद गौतम की संपत्ति में और ज्यादा बढ़त होगी। तब वे अंबानी से ज्यादा आगे निकल सकते हैँ। अडाणी ग्रीन एनर्जी का मार्केट कैप 3 लाख करोड़ रुपए के पार है।

मुकेश अंबानी 6 जनवरी 2021 को टॉप 10 अमीरों की लिस्ट से बाहर हो गए थे। फिर वे 23 सितंबर 2021 को इसमें वापस भी आ गए। हालांकि 16 अक्टूबर 2021 को वे फिर इस लिस्ट से बाहर हो गए। आंकडो़ं के मुताबिक, आज अंबानी की संपत्ति में 2.14 पर्सेंट या 2 अरब डॉलर की गिरावट आई है। जबकि अडाणी की संपत्ति में 0.32 पर्सेंट या 28 करोड़ डॉलर की कमी हुई है।

मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस के शेयर्स में आज आधा पर्सेंट की गिरावट है। इसका मार्केट कैप 15.81 लाख करोड़ रुपए है। शेयर्स की कीमतों में भारी गिरावट की वजह से फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग अब 12 वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 84.8 अरब डॉलर है। उनकी संपत्ति में आज 29.7 अरब डॉलर यानी 2.22 लाख करोड़ रुपए की कमी आई है। वे 37 साल के हैं।

अंबानी जहां 64 साल के हैं, वहीं अडाणी 59 साल के हैं। दुनिया के अमीर बिजनेसमैन में टेस्ला के एलन मस्क पहले नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 232.2 अरब डॉलर है। अमेजन के जेफ बेजोस तीसरे नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 164.8 अरब डॉलर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *