LIC का वैल्यूएशन 43.40 लाख करोड़ होगा, अगले हफ्ते जमा होगा मसौदा  

मुंबई- लंदन के ब्रांड फाइनेंस की रिपोर्ट के अनुसार देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का वैल्यूएशन इस साल के अंत तक 43.40 लाख करोड़ रुपए होगा। जबकि 2027 तक यह बढ़कर 58.9 लाख करोड़ रुपए होगा।  

एलआईसी अगले हफ्ते आईपीओ के लिए मसौदा जमा करा सकती है। इसके मुताबिक, LIC ब्रांड देश में सबसे मजबूत है। इस ब्रांड का वैल्यूएशन 64,722 करोड़ रुपए है। यह ग्लोबल लेवल पर तीसरा सबसे मजबतू बीमा ब्रांड है। ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट के अनुसार, 2021 में यह कंपनी सबसे मोस्ट वैल्यूएबल ब्रांड के मामले में 32 अंकों की छलांग लगाकर दुनिया में 206 नंबर पर आ गई है। 2020 में यह 238 वें नंबर पर थी।  

दुनिया में टॉप 10 बीमा कंपनियों में 5 चीन की हैं। इसमें से पिंग एन इंश्योरेंस सबसे ज्यादा वैल्यूएशन वाला इंश्योरेंस ब्रांड है। हालांकि इसके ब्रांड के वैल्यू में 26% की गिरावट भी आई है। अमेरिका की दो बीमा कंपनियां टॉप 10 में हैं। फ्रांस, जर्मनी और भारत की एक-एक कंपनियां इस लिस्ट में हैं।  

इस वैल्यूएशन के मुताबिक, LIC देश में 2021 में सबसे मजबूत ब्रांड रहा। 2020 की तुलना में इसके ब्रांड का वैल्यू 6.8% बढ़ा है। जबकि इसी दौरान दुनिया भर के टॉप 100 बीमा कंपनियों के वैल्यू में 6% की गिरावट आई है। यह 2021 में 433 अरब डॉलर रह गया, जो 2020 में 462 अरब डॉलर था।  

LIC भारत की एकमात्र बीमा कंपनी है जो दुनिया भर के टॉप 10 बीमा कंपनियों की लिस्ट में शामिल है। इस वैल्यूएशन के आधार पर LIC का मार्केट कैप 2021 में 37 लाख करोड़ रुपए आंका गया था, जबकि 2020 में यह 38.2 लाख करोड़ रुपए माना गया था। ब्रांड फाइनेंस की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल में LIC का वैल्यू 43.40 लाख करोड़ रुपए हो सकता है।  

कंपनी देश का सबसे बड़ा आईपीओ लाने की तैयारी में है। IPO मार्च के अंत तक आने की उम्मीद है। सरकार इसमें 5% हिस्सेदारी बेचकर 40 से 50 हजार करोड़ रुपए जुटाने की योजना बना रही है। पहले यह 10% बेचकर एक लाख करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य था। इसके IPO में पॉलिसीधारकों के लिए 10% हिस्सा रिजर्व है। यानी करीबन 4 से 5 हजार करोड़ रुपए का शेयर इन्हें मिल सकता है। इसके पास 32 करोड़ पॉलिसीज हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *