2021 में भारत में अरबपतियों की संख्या बढ़कर 142 हुई, कोरोना में हुई तरक्की
मुंबई- गैर सरकारी संगठन ऑक्सफैम इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार 2021 में भारत में अरबपतियों की संख्या 102 से बढ़कर 142 हो गई। ऑक्सफैम इंडिया की तरफ से वार्षिक असमानता सर्वे जारी किया गया है।
सर्वे में कहा गया है कि कोरोना काल में भारतीय अरबपतियों की कुल संपत्ति दोगुनी हो गई। इनकी अमीरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टॉप-10 अमीरों के पास इतनी दौलत है कि वे देश के सभी स्कूलों और कॉलेजों को अगले 25 सालों तक चला सकते हैं।
देश के सबसे अमीर 10% लोगों के पास देश की 45% दौलत है। वहीं, देश की 50% गरीब आबादी के पास महज 6% दौलत है।
रिपोर्ट में कहा गया कि भारत के टॉप-10% अमीर लोगों पर अगर 1% अतिरिक्त टैक्स लगाया जाए तो उस पैसे से देश को 17.7 लाख एक्स्ट्रा ऑक्सीजन सिलिंडर मिल जाएंगे। वहीं, देश के 98 अमीर परिवारों पर अगर 1% एक्स्ट्रा टैक्स लगाया जाए तो उस पैसे से आयुष्मान भारत प्रोग्राम को अगले सात सालों तक चलाया जा सकता है। आयुष्मान भारत दुनिया का सबसे बड़ा हेल्थ इंश्योरेंस प्रोग्राम है।
देश के 142 अरबपतियों की कुल दौलत 53 लाख करोड़ रुपए है। 98 सबसे अमीर लोगों के पास 55.5 करोड़ गरीब लोगों के बराबर दौलत है, जो करीब 49 लाख करोड़ रुपए होती है। इन 98 परिवारों की कुल दौलत भारत सरकार के टोटल बजट का करीब 41% है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर भारत के टॉप-10 अमीर रोजाना आधार पर 7.4 करोड़ रुपए खर्च करें तो भी उनकी दौलत को खर्च होने में 84 साल लग जाएंगे।
वहीं अगर देश के अमीरों पर वेल्थ टैक्स लगाया जाए तो 78.3 बिलियन डॉलर यानी 5.8 लाख करोड़ रुपए कलेक्ट किया जा सकता है। इस पैसे से सरकार का हेल्थ बजट 271% बढ़ सकता है। जेंडर की बात करें तो कोरोना काल में जॉब लॉस में 28% महिलाएं हैं। इससे उनकी कुल कमाई दो तिहाई घट गई है।