हर महीने SIP में आ रहा है 11 हजार करोड़, 37.34 लाख करोड़ हुआ एयूएम
मुंबई- निवेशकों का लगातार म्यूचुअल फंड में निवेश बढ़ रहा है। नवंबर महीने में इक्विटी फंड में 11,614 करोड़ रुपए आए हैं। यह लगातार नौवां महीना है जब इस इक्विटी स्कीम में पॉजिटिव निवेश रहा है। इस वजह से म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का औसत असेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 37.34 लाख करोड़ रुपए हो गया।
30 नवंबर 2011 में म्यूचुअल फंड का कुल AUM केवल 6.82 लाख करोड़ रुपए था जो कि अब 37.34 लाख करोड़ रुपए हो गया। 10 सालों में इसमें पांच गुना की बढ़त हुई है। पिछले साल नवंबर तक इसका AUM 30 लाख करोड़ रुपए था। म्यूचुअल फंड में कुल 11.70 करोड़ फोलियो नंबर है। फोलियो नंबर मतलब निवेशकों के खाते से है।
हाईब्रिड फंड में निवेशक लगातार निवेश कर रहे हैं। इसमें बैलेंस एडवांटेज फंड कैटिगरी सबसे पसंदीदा है। यह कैटिगरी कम भाव पर शेयर्स खरीदती है और ज्यादा भाव पर बेचती है। नवंबर महीने में इसने 6,094 करोड़ रुपए आए हैं।
म्यूचुअल फंड में लगातार निवेशक निवेश कर रहे हैं। अक्टूबर में इक्विटी स्कीम में 5,215 करोड़ रुपए का निवेश आया था। इसी तरह सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी SIP में नवंबर में 11 हजार करोड़ रुपए आए हैं। यह अब तक का रिकॉर्ड है। नवंबर महीने में निफ्टी में 6% की गिरावट दर्ज की गई थी। ऐसा इसलिए क्योंकि सेंसेक्स 62 हजार के ऐतिहासिक आंकड़े को अक्टूबर में पार किया था।
निवेशकों ने इसके बाद जमकर मुनाफा वसूली की थी। इससे बाजार में गिरावट का माहौल बना। खासकर विदेशी निवेशकों ने नवंबर में अपने निवेश को निकाला। जानकारों का कहना है कि नवंबर में जब बाजार में गिरावट दिखी तो निवेशकों ने इसका फायदा उठाकर म्यूचुअल फंड में निवेश किया। अक्टूबर में निवेशकों ने बाजार की तेजी में 23,456 करोड़ रुपए निकाले थे जबकि नवंबर में 17,476 करोड़ रुपए ही निकाले गए।
म्यूचुअल फंड की सभी 23 ओपन एंडेड इक्विटी ओरिएंटेड और हाइब्रिड स्कीम कैटेगरी में नवंबर में पॉजिटिव निवेश रहा। इसका मतलब शेयर बाजार में अभी भी निवेशकों का पॉजिटिव रुझान है। अक्टूबर की तुलना में नवंबर में SIP में 486 करोड़ रुपए ज्यादा आए। SIP महीने में निवेश की रकम को कहा जाता है। यह सेगमेंट इक्विटी में ही निवेश करता है।