बाजार में भारी गिरावट जारी, सेंसेक्स 300 पॉइंट्स नीचे, बड़े शेयर्स में बिकवाली
मुंबई- बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 300 पॉइंट्स नीचे 57,479 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स में आज मारुति और इंफोसिस के शेयर 1-1% टूटे हैं। शुक्रवार की भारी गिरावट के बाद आज हफ्ते के पहले दिन शेयर बाजार में गिरावट है।
सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 24 शेयर्स गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। जबकि 6 शेयर्स बढ़त में हैं। गिरने वाले प्रमुख शेयर्स में बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, HDFC बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, एक्सिस बैंक, बजाज ऑटो और अन्य हैं। बढ़त वाले शेयर्स में रिलायंस, टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और अन्य हैं।
निफ्टी के 50 शेयर्स में से 26 बढ़त में और 24 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। बढ़ने वाले शेयर्स में टेक महिंद्रा, हिंडालको, अल्ट्राटेक प्रमुख रूप से हैं। गिरावट वाले शेयर्स में मारुति, इंफोसिस, आयशर मोटर्स आदि हैं। इससे पहले शुक्रवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 765 पॉइंट्स (1.31%) गिर कर 57,696 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 205 अंक (1.18%) गिरकर 17,196 पर बंद हुआ। पावर ग्रिड का शेयर 4% गिरकर जबकि कोटक बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर्स 2% से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
सेंसेक्स आज सुबह 82 पॉइंट्स ऊपर 57,778 पर खुला था। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 17,196 पर कारोबार कर रहा है। यह 17,209 पर खुला था और 17,125 का निचला स्तर बनाया। 17,216 का ऊपरी स्तर बनाया था। इसका मिडकैप इंडेक्स बढ़त में जबकि बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स गिरावट में कारोबार कर रहे हैं।