नवंबर में 1.45 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा GST कलेक्शन की उम्मीद

मुंबई- वस्तु एवं सेवा कर (GST) के आंकड़े आज सरकार जारी करेगी। नवंबर महीने में 1.45 लाख करोड़ रुपए कलेक्शन रहने की उम्मीद है। अगर ऐसा होता है तो चार साल में यह पहली बार होगा, जब इस लेवल का कलेक्शन होगा। GST को जुलाई 2017 में लागू किया गया था। 

अब तक सबसे ज्यादा कलेक्शन 1.41 लाख करोड़ रुपए इसी साल अप्रैल में था। इस बार GST कलेक्शन का रिकॉर्ड इसलिए बन सकता है क्योंकि त्योहारी सीजन में अच्छी खासी खरीदारी हुई है। अक्टूबर में कुल 7.35 करोड़ ई-बिल जनरेट किए गए। इसका मतलब यह हुआ कि उसकी रकम नवंबर में सरकार के पास आई होगी।  

इस वित्तवर्ष यानी अप्रैल से अब तक GST कलेक्शन देखें तो मई में 1.02 लाख करोड़ रुपए का कलेक्शन हुआ था। जून में यह घटकर 92,840 करोड़ रुपए रह गया। जुलाई में यह फिर 1 लाख करोड़ रुपए के पार 1.16 लाख करोड़ रुपए रहा जबकि अगस्त में 1.12 लाख करोड़ रुपए रहा। सितंबर में यह 1.17 लाख करोड़ और अक्टूबर में 1.30 लाख करोड़ रुपए था। मार्च में GST कलेक्शन 1.23 लाख करोड़ रुपए था।  

अभी तक सबसे ज्यादा ई-बिल जनरेट मार्च 2021 में हुआ था। इसी का असर अप्रैल 2021 में रिकॉर्ड कलेक्शन के रूप में दिखा। इस बार जब ई-बिल रिकॉर्ड जनरेट हुआ है तो इसका असर नवंबर के महीने में दिखेगा। दरअसल ई-बिल जनरेट होने के अगले महीने में टैक्स वसूली का आंकड़ा सामने आता है। अक्टूबर में GST कलेक्शन 1.3 लाख करोड़ रुपए था। 2020 के अक्टूबर की तुलना में यह 34% अधिक था। हालांकि नवंबर में ई-बिल जनरेट कम हुआ है। इसका मतलब यह हुआ कि दिसंबर में जो टैक्स कलेक्शन होगा वह कम होगा। नवंबर में रोजाना औसतन 18.76 लाख ई-बिल जनरेट किए गए हैं। अक्टूबर में रोजाना 23.70 लाख बिल जनरेट किया गया था।  

नवंबर 2020 से अब तक के एक साल के समय में केवल जून ही ऐसा महीना था, जिसमें कलेक्शन 1 लाख करोड़ रुपए से कम रहा। बाकी हर महीने में यह एक लाख करोड़ रुपए के पार था। GST काउंसिल की बैठक 27 नवंबर को होनी थी, पर यह टल गई है। इस बैठक में GST दर और इसके स्लैब में बदलाव का फैसला होना था। फिटमेंट कमेटी ने कई सिफारिशें इस मामले में की है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *