यस बैंक, अडाणी एंटरप्राइजेज और अडाणी पोर्ट के शेयर खरीदे
मुंबई- म्यूचुअल फंड हाउस इस समय जोखिम वाले शेयरों में दांव लगा रहे हैं। यस बैंक, अडाणी एंटरप्राइजेज और अडाणी पोर्ट के शेयरों में खरीदी की है। जबकि इसी दौरान जौमैटो की बड़ी इन्वेस्टर कंपनी इंफो एज के शेयर फंड हाउसों ने बेच दिए हैं। जुलाई के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
फंड हाउसों ने यस बैंक के 155 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। पिछले 6-8 महीनों से यह शेयर 11-13 रुपए के बीच में ही कारोबार कर रहा है। यस बैंक की खस्ता हालत के कारण कई बैंकों ने मिलकर इसमें निवेश किया। फंड हाउसों की खरीदारी से लग रहा है कि शेयर में आगे तेजी आ सकती है।
इसी तरह अडाणी पोर्ट में फंड हाउसों ने 6,079 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। अडाणी पोर्ट का शेयर हाल में 40% तक टूटा है। इसी तरह अडाणी एंटरप्राइजेज में भी 1,515 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे गए हैं। यह शेयर भी 40% से ज्यादा टूटा है। यस बैंक और अडाणी पोर्ट दोनों लार्ज कैप के शेयर हैं।
लार्ज कैप में जिन शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी की गई है, उसमें एचडीएफसी लाइफ के 7,143 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे गए हैं। जेएसडब्ल्यू स्टील के 4,603 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे गए हैं। जबकि हीरो मोटोकॉर्प के 3,891 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे गए हैं। एनएमडीसी के 3,330 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे गए हैं। ब्रिटानिया भी पसंदीदा शेयर रहा है। 3,671 करोड़ रुपए के इसके शेयर खरीदे गए हैं।
लार्ज कैप में विप्रो के 6,037 करोड़ रुपए के शेयर बेचे गए हैं। इंफो एज के 7,099 करोड़ रुपए के शेयर बेचे गए हैं। जोमैटो में सबसे बड़ी इन्वेस्टर यही है। जोमैटो के आईपीओ के समय इसके शेयरों में अच्छी तेजी दिखी थी। टाटा कंज्यूमर के 5,546 करोड़ रुपए के शेयर बेचे गए जबकि ग्रासिम इंडस्ट्रीज के 4,217 करोड़ रुपए के शेयर बेचे गए हैं। आदित्य बिरला और यूटीआई ने अडाणी पोर्ट और अडाणी एंटरप्राइजेज में दांव लगाया है।
मिड कैप में कंटेनर कॉर्पोरेशन के 3,921 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे गए जबकि इंद्रप्रस्थ गैस के 3,663 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। आदित्य बिरला फैशन के 2,699 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे गए हैं। मिड कैप में डिक्सन टेक्नोलॉजी के 2,079 करोड़ रुपए के शेयर बेच दिए गए हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल के 1,531 करोड़ रुपए के शेयर बेचे गए हैं।
स्माल कैप में इंडिया बुल्स हाउसिंग के 277 करोड़ रुपए के शेयर बेचे गए हैं जबकि हैप्पिएस्ट माइंड के 380 करोड़ रुपए के और मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल के 300 करोड़ रुपए के शेयर बेचे गए हैं। फंड हाउसों ने हालांकि जिंदल स्टील के 206 करोड़ के और नजारा टेक के 241 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने जोमैटो का 244 करोड़ का और अडाणी एंटरप्राइजेज का 115 करोड़ रुपए का शेयर खरीदा है। जी.आर. इंफ्रा का 61 करोड़ रुपए का शेयर खरीदा है। नजारा टेक, जोमैटो में निप्पोन म्यूचुअल फंड ने भी दांव लगाया है।
एसबीआई म्यूचुअल फंड ने सबसे ज्यादा जोमैटो का 566 करोड़ रुपए का शेयर खरीदा है। इसके बाद फिनोलेक्स के 325 और जी.आर. इंफ्रा के 382 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। जोमैटो और जी.आर इंफ्रा आईपीओ लेकर आई थीं। इसने भी अडाणी एंटरप्राइज के 84 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड ने भी जी.आर. इंफ्रा के 338 करोड़ के और जोमैटो के 184 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। इसने ब्रिटानिया के 837 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं।