नई लिस्टेड कंपनियों ने मार्केट कैप में 3.63 लाख करोड़ रुपए जोड़ा
मुंबई- जनवरी के बाद से शेयर बाजार में लिस्ट हुई नई कंपनियों का कुल मार्केट कैप 3.63 लाख करोड़ रुपए रहा है। इसमें अकेले जोमैटो का 1.06 लाख करोड़ रुपए का योगदान है। BSE में लिस्टेड कुल कंपनियों का मार्केट कैप 238.49 लाख करोड़ रुपए रहा है।
जनवरी से अब तक कुल 28 कंपनियां बाजार में लिस्ट हुई हैं। अगले हफ्ते 8 और कंपनियां लिस्ट होंगी। इन 8 कंपनियों का कुल संभावित मार्केट कैप 50 हजार करोड़ रुपए के करीब हो सकता है। इसमें चार कंपनियों के IPOपिछले हफ्ते बंद हुए थे और चार के IPO इस हफ्ते बंद हुए हैं। इस तरह से BSE के कुल मार्केट कैप में नई लिस्टेड कंपनियों का योगदान 4 लाख करोड़ रुपए का हो सकता है।
नई लिस्टेड कंपनियों में मैक्रोटेक दूसरे नंबर पर है। इसका मार्केट कैप 38,731 करोड़ रुपए है। तीसरे नंबर पर इंडियन रेलवे फाइनेंस है। इसका मार्केट कैप 31,037 करोड़ रुपए है। 28,724 करोड़ रुपए के साथ सोना BLW चौथे नंबर पर है जबकि पांचवें पर क्लीन लाइफ साइंस है। इसका मार्केट कैप 16,632 करोड़ रुपए है। GR इंफ्रा छठें नंबर पर है। इसका मार्केट कैप 16 हजार करोड़ रुपए है।
जो 8 नई कंपनियां लिस्ट होने वाली हैं, उसमें क्रष्णा डायग्नोस्टिक्स, देवयानी इंटरनेशनल, विंडलास बायो, एक्सारो, कार ट्रेड, नुवोको विस्टा, केमप्लास्ट और अप्टस हाउसिंग वैल्यू हैं। इन सभी ने मिलकर 20 हजार करोड़ रुपए बाजार से जुटाया है। इसमें सबसे बड़ा IPO नुवोको विस्टा का रहा है। इसका साइज 5 हजार करोड़ रुपए का रहा है।
जनवरी से मार्च के दौरान कुल 17 कंपनियां लिस्ट हुई थीं। इनका मार्केट कैप 1.14 लाख करोड़ रुपए था। जबकि नए वित्त वर्ष यानी अप्रैल से लेकर अब तक कुल 11 कंपनियां लिस्ट हुई हैं। इनका मार्केट कैप 2.49 लाख करोड़ रुपए रहा है। इसमें सबसे कम मार्केट कैप डोडला डेयरी का रहा है जो 3,534 करोड़ रुपए रहा है।
पेटीएम 16,600 करोड़ रुपए का इश्यू लेकर आ रही है। ऐसे में बाजार मेँ इसकी एंट्री बहुत जबरदस्त हो सकती है। साथ ही इसके शेयर का भाव 3,500 रुपए हो सकता है। हालांकि यह वित्त वर्ष भारतीय बाजार के लिए एक ऐतिहासिक और रिकॉर्ड वित्त वर्ष हो सकता है। अभी तक बाजार में 40 के करीब कंपनियां आई हैं और इन्होंने 60 हजार करोड़ रुपए के करीब रकम जुटाई है। देखने वाली बात तब होगी जब एलआईसी का IPO आएगा। इसके आने से मार्केट कैप पर तो असर होगा साथ ही करोड़ों की संख्या में नए डीमैट अकाउंट भी खुलेंगे।