रिलायंस के पेट्रोल पंप पर फूड, डिजिटल और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की चार्जिंग की होगी शुरुआत
मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के मालिक मुकेश अंबानी रिटेल में अब नया दांव खेलने की तैयारी कर रहे हैं। हाइवे किनारे स्थित रिलायंस के पेट्रोल पंपों पर वे खाने, डिजिटल और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की चार्जिंग का कारोबार करेंगे। रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे बड़ी कंपनी है।
नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के अनुसार, 2030 तक देश में हाइवे रिटेलिंग में फूड एवं बेवरेजेस का बाजार 2.7 अरब डॉलर तक जा सकता है। भारत में 18,800 करोड़ रुपए का ऑर्गनाइज्ड क्विक सर्विस रेस्टोरेंट का बाजार है। सबवे की हिस्सेदारी इसमें 6% है जबकि डॉमिनोज की 21% है। मैकडोनाल्ड की हिस्सेदारी 11% है।
रिलायंस बीपी मोबिलिटी रिलायंस इंडस्ट्रीज और यूके की बीपी की ज्वाइंट वेंचर है। दोनों मिलकर ही इस कारोबार को आगे बढ़ाएंगी। यह दोनों रिटेल आउटलेट खोलेंगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिटेल कंपनी रिलायंस रिटेल इन आउटलेट्स को चलाएगी। इसमें स्मार्ट प्वाइंट कन्वीनिएंस स्टोर्स होंगे। साथ ही डिजिटल स्टोर्स भी होगा।
रिलायंस बीपी के देश में 1,400 पेट्रोल पंप हैं। अगले पांच साल में इसे 5,500 करने की योजना है। इन आउलटेल में इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए चार्जिंग प्वाइंट होगा। इसमें कैफे और अन्य फूड और बेवरेजेस के भी आउटलेट होंगे। कंपनी इसके लिए अन्य रिटेल आउटलेट के साथ भी बात कर रही है कि वे इसकी प्रॉपर्टी में अपने आउटलेट खोलें।
रिलायंस रिटेल ने हाल में जस्ट डायल को 3,497 करोड़ रुपए में खरीदा है। इसका मुनाफा अप्रैल से जून के बीच 962 करोड़ रुपए का रहा है। इस दौरान इसने 123 नए स्टोर खोले हैं। अब इसके पास कुल 12,803 स्टोर हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज दुनिया की सबसे बड़ी सिंगल ब्रांड रेस्टोरेंट चेन सबवे की भारतीय इकाई को खरीदने पर विचार कर रही है। यह क्विक सर्विस रेस्टोरेंट सेगमेंट की कंपनी है। इसी सेगमेंट की कंपनी जोमैटो हाल में शेयर बाजार में लिस्ट हुई है।
सबवे के जरिए देश में जोमैटो, स्विगी और अन्य को टक्कर देने की योजना अंबानी की है। वह किराना की सामानों और अन्य के जरिए पहले से ही यह काम कर भी रहे हैं। जियो डिजिटल इन सामानों का ऑर्डर लेती है और किराना तथा सब्जियां घर पर डिलिवरी करती है।
सबवे को रिलायंस 1500 से 1800 करोड़ रुपए में खरीद सकती है। सबवे के खरीदने के बाद इसका सीधा मुकाबला डॉमिनोज पिज्जा, पिज्जा हट, स्टारबक्स और अन्य कंपनियों से होगा। स्टार बक्स टाटा के साथ ज्वाइंट वेंचर में है। इस डील से रिलायंस रिटेल को 600 स्टोर मिलेंगे, जो सबवे के हैं।

