अक्तूबर में खुदरा महंगाई घटकर 4.87 पर्सेंट पर, 5 महीने के निचले स्तर पर
मुंबई- सब्जियों के दाम घटने से अक्टूबर में रिटेल महंगाई घटकर 4.87% पर आ गई है। यह रिटेल महंगाई का 5 महीने का निचला स्तर है। सितंबर में ये 5.02% रही थी। वहीं खाने-पीने की चीजों की महंगाई 6.62% से कम होकर 6.61% पर आ गई है।
महंगाई के घटने से मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) को अपने पॉलिसी इंटरेस्ट रेट रिव्यू में एक्स्ट्रा कुशन मिलेगा। दर में 2.50% की बढ़ोतरी के बाद, कमेटी ने इसे चार बार स्थिर रखा है, और उम्मीद है कि अगले महीने बैठक में भी ऐसा ही किया जाएगा।
RBI की महंगाई को लेकर रेंज 2%-6% है। आदर्श स्थिति में RBI चाहेगा कि रिटेल महंगाई 4% पर रहे। हालांकि अर्थशास्त्रियों का मानना है कि प्याज के कारण सब्जियों की कीमतें अभी जोखिम बनी हुई हैं। इससे आने वाले महीनों में महंगाई में बढ़ोतरी हो सकती है।
अक्टूबर महीने हुई RBI मॉनेटरी पॉलिसी मीटिंग की जानकारी देते हुए RBI गवर्नर ने कहा था कि वित्तीय वर्ष 2024 के लिए महंगाई अनुमान को 5.4% पर बरकरार रखा है। उससे पहले की मीटिंग में इसे 5.1% से बढ़ाकर 5.4% किया था।