पेटीएम, पॉलिसी बाजार और मोबिक्विक जुटाएंगी 25 हजार करोड़, पॉलिसी बाजार मसौदा जमा कराएगी
मुंबई- IPO बाजार की तेजी में तीन कंपनियां मिलकर 25 हजार करोड़ जुटाने की तैयारी में हैं। पेटीएम, पॉलिसी बाजार और मोबिक्विक मिलकर यह पैसा जुटाएंगी। इसमें से दो ने सेबी के पास डॉक्यूमेंट जमा कराया है।
पेटीएम और मोबिक्विक ने सेबी के पास कागजात जमा कराया है। जबकि पॉलिसी बाजार भी आने वाले दिनों में इसकी तैयारी कर रही है। पेटीएम 16,600 करोड़ रुपए जुटाएगी जबकि मोबिक्विक 1,900 करोड़ रुपए जुटाएगी। पॉलिसी बाजार 6,500 करोड़ रुपए के लिए इश्यू लाएगी। पॉलिसी बाजार अपनी पैरेंट कंपनी पीबी फिनटेक के नाम से लिस्ट होगी। पॉलिसी बाजार इसका ब्रांड नाम है। यह 5 वां स्टार्टअप होगा जो IPO लेकर आएगा।
पॉलिसीबाजार (Policybazaar) ऑनलाइन इंश्योरेंस एग्रीगेटर है। इसका मतलब यह है कि इसके प्लेटफॉर्म पर बीमा कंपनियों के उत्पाद के बारे में आप हर जानकारी हासिल कर सकते हैं। कुछ समय पहले इसने बीमा पॉलिसी बेचने का लाइसेंस भी हासिल कर लिया है। इसके प्लेटफॉर्म पर आप यह भी पता कर सकते हैं कि किस कंपनी का प्रोडक्ट सस्ता और किसका महंगा। इस कंपनी में जापान की कंपनी सॉफ्टबैंक ने निवेश किया है।
बाजार में इस समय रिटेल और संस्थागत दोनों निवेशक अच्छे पैसे लगा रहे हैं। विश्लेषकों के मुताबिक, जोमैटो जैसी कंपनियों की लिस्टिंग से फिनटेक कंपनियों और स्टार्टअप की आगे और ज्यादा लिस्टिंग के लिए संख्या बढ़ सकती है। हालांकि इस तरह की कंपनियां भले लिस्ट हो जा रही हैं और शेयरों की कीमतें अच्छी बढ़ रही हैं, पर भविष्य में इनके लिए चुनौतियां काफी हैं।
उदाहरण के तौर पर रेवेन्यू मॉडल और फायदा कमाना दोनों इनके लिए चुनौती वाला मामला है। पेटीएम, जोमैटो से लेकर इस तरह की सभी कंपनियां सालों से भारी-भरकम घाटे में हैं। साथ ही कई रेगुलेटर के साथ कड़ी स्क्रूटनी भी इनके लिए दिक्कतें पैदा कर सकती हैं। यह कंपनियां कई रेगुलेटर के दायरे में आ जाती हैं। पेटीएम और पॉलिसी बाजार दोनों में चीनी निवेशकों का हिस्सा है। इन दोनों के इश्यू में चीन के निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेच सकते हैं।
जुलाई महीने में अब तक 4 कंपनियों ने 12,385 करोड़ रुपए बाजार से जुटाया है। 1,513 करोड़ रुपए का ग्लेनमार्क का इश्यू मंगलवार को खुला है जबकि रोलेक्स का 731 करोड़ रुपए का इश्यू इसी हफ्ते खुलेगा। यानी जुलाई महीने में कुल 6 इश्यू के जरिए कंपनियां 14,629 करोड़ रुपए जुटाएंगी। बाबा रामदेव की रुचि सोया 4,300 करोड़ रुपए FPO के जरिए जुटाएगी। 2021 में अब तक 28 इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आ चुके हैं। इन्होंने 38 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम जुटाई है। यह दूसरा सबसे बेहतरीन साल है जिसमें ज्यादा रकम जुटाई गई है। 2017 में कंपनियों ने 67,167 करोड़ रुपए इस माध्यम से जुटाया था।