अमेरिकी बाजार में जबरदस्त तेजी, बाइडेन का राष्ट्रपति बनने का जश्न मना

मुंबई– अमेरिका में नए राष्ट्रपति जो बाइडेन के शपथ ग्रहण से वैश्विक बाजारों में शानदार बढ़त है। गुरुवार को एशियाई बाजारों कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.92% और हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 0.18% बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसी तरह चीन का शंघाई इंडेक्स भी 1% और जापान का निक्केई इंडेक्स 0.90% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसी तरह अमेरिकी बाजारों में भी नैस्डैक इंडेक्स 1.97% और S&P 500 इंडेक्स 1.39% ऊपर बंद हुए थे। इसके अलावा यूरोपियन मार्केट में भी बढ़त दर्ज की गई थी। 

जो बाइडेन के राष्ट्रपति बनने के बाद बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में रिकॉर्ड तेजी देखने को मिली। S&P 500 इंडेक्स 1.4% चढ़ गया। यह नया राष्ट्रपति आने के पहले दिन इंडेक्स में यह अब तक की सबसे अधिक तेजी है। नासडैक इंडेक्स में 1.97% की बढ़त रही। यही नहीं, बाइडेन के चुनाव जीतने से लेकर शपथ ग्रहण से पहले तक भी अमेरिकी बाजारों में रिकॉर्ड तेजी आई है। ग्लोबल रिसर्च संस्था CFRA के मुताबिक, इस दौरान S&P 500 इंडेक्स 13% चढ़ा। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आने के बाद से शपथ ग्रहण होने तक अमेरिकी शेयर बाजार में उछाल का यह अब तक का हाइएस्ट रिकॉर्ड है। 

ऐसा पिछला रिकॉर्ड जॉन एफ कैनेडी के नाम था। 20 जनवरी 1961 को कैनेडी ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। तब उनके जीतने और शपथ लेने के बीच 73 दिनों में S&P 500 इंडेक्स 8.8% बढ़ा था। उनके शपथ लेने के बाद अगले सौ दिन में बाजार 8.9% और ऊपर चढ़ गया था। 

यह लगातार दूसरा मौका है, जब राष्ट्रपति चुनाव और शपथ ग्रहण के बीच बाजार में बढ़त दर्ज की गई। 2016 में जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हिलेरी क्लिंटन को चुनाव में हराया था, तो उनके शपथ लेने तक मार्केट में 6% की बढ़त रही थी। उनके कार्यकाल के पहले 100 दिनों में बाजार और 5% चढ़ा था। हालांकि, ट्रम्प और बाइडेन के मामले में एक अंतर है। ट्रम्प को मजबूत अर्थव्यवस्था मिली थी। बाइडेन ऐसे मौके पर राष्ट्रपति बन रहे हैं, जब अर्थव्यवस्था कोरोना की मार झेल रही है। 

ओबामा के समय मार्केट 20% फिसल गया था
नवंबर 2000 में जब जॉर्ज डब्ल्यू बुश राष्ट्रपति चुने गए थे, तो उनके शपथ लेने तक S&P 500 इंडेक्स में 6% गिरावट आ गई थी। दरअसल, तब मार्केट पर डॉट कॉम कंपनियों में भारी गिरावट का असर था। बराक ओबामा नवंबर 2008 में राष्ट्रपति चुने गए थे, उन्होंने जनवरी 2009 में शपथ ली थी। उस दौरान मार्केट 20% गिर गया था। तब निवेशक लेहमैन ब्रदर्स की घटना के कारण नर्वस थे। 

क्लिंटन के समय बाजार ने दिया सबसे ज्यादा 211% रिटर्न
ट्रम्प से पहले बराक ओबामा, जॉर्ज बुश और बिल क्लिंटन, तीनों को दो-दो कार्यकाल मिले थे यानी वे 8-8 साल के लिए राष्ट्रपति रहे। क्लिंटन से पहले जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश चार साल तक राष्ट्रपति थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *