एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट का शुद्ध मुनाफा 14 प्रतिशत बढ़कर 393 करोड़ रुपए पर पहुंचा
मुंबई- एसबीआई की कार्ड्स पेमेंट इकाई एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेस को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही अप्रैल-जून में 393 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ है। एक साल पहले समान अवधि में हुए 364 करोड़ रुपए की तुलना में यह 14 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी ने सोमवार को जारी रिजल्ट में यह जानकारी दी।
कंपनी ने बताया कि कार्ड की संख्या में इस दौरान 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह 88 लाख से बढ़कर 1.06 करोड़ हो गया। इसी दौरान खर्च 19,085 करोड़ से बढ़कर 30,174 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी की बाजार हिस्सेदारी अप्रैल 2020 में 19.6 प्रतिशत रही जो कि एक साल पहले इसी अवधि में 18.3 प्रतिशत थी।
कंपनी ने बताया कि अप्रैल जून के दौरान ग्रॉस एनपीए यानी बुरा फंसा कर्ज 1.35 प्रतिशत रहा है। इसी तरह मोराटोरियम में गए कुल खातों की संख्या जून महीने में 1.5 लाख रही है। जबकि मई में यह 12.5 लाख थी। रोजाना खर्च का औसत जून महीने में 76.5 प्रतिशत रहा है जो मई में 54 प्रतिशत था। नए खातों को जोड़ने के मामले में भी वृद्धि रही है। मई में 80 हजार नए खाते जोड़े गए तो जून में 1.81 लाख खाते जोड़े गए।
कंपनी ने बताया कि कुल आय पहली तिमाही में घटकर 2,196 करोड़ रुपए रही है जो कि एक साल पहले इसी अवधि में 2,304 करोड़ रुपए रही है। ब्याज आय 34.6 प्रतिशत बढ़कर 1,412 करोड़ रुपए रही है। एक साल पहले अप्रैल जून की तिमाही में यह 1,049 करोड़ रुपए थी। फीस और सेवाओं से आय में गिरावट आई है। यह 668 करोड़ रुपए रही है जो एक साल पहले समान अवधि में 916 करोड़ रुपए थी। इसी तरह अन्य आय में भी भारी गिरावट आई है। यह 236 करोड़ से घटकर महज 43 करोड़ रुपए रही है।
एसबीआई कार्डस एंड पेमेंट ने बताया कि उसकी बैलेंसशीट की साइज 24,260 करोड़ रुपए रही है। 31 मार्च 2020 तक यह 25,303 करोड़ रुपए थी। ग्रॉस उधारी 23,330 करोड़ रुपए थी जो कि एक साल पहले की अवधि में 9.9 प्रतिशत बढ़ी है।