वर्ल्ड बैंक के प्रेसीडेंट अजय बंगा ने कहा, दुनिया खतरनाक मोड़ पर है खड़ी 

मुंबई- वर्ल्ड बैंक के प्रेसिडेंट अजय बंगा ने मंगलवार को कहा कि इजराइल-हमास युद्ध वैश्विक अर्थव्यवस्था और इसके विकास के लिए गंभीर झटका साबित हो सकता है। सऊदी अरब में एक इन्वेस्टर कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया बहुत खतरनाक मोड़ पर खड़ी है। 

उन्होंने कहा कि दुनिया में बहुत कुछ चल रहा है और हाल ही में इजराइल और गाजा से भी जियोपॉलिटिक्स (भू-राजनीतिक) पर असर हुआ है। दिन के अंत में, जब आप यह सब एकसाथ रखते हैं, तो मुझे लगता है कि इसका आर्थिक विकास पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। अजय बंगा ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव दुनिया की अर्थव्यवस्था के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की चीजों से आर्थिक जोखिम तेजी से बढ़ते हैं और इन्हें नजर अंदाज नहीं किया जाना चाहिए। 

इजराइल-हमास युद्ध के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता का माहौल बन गया है। इससे दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट देखने को मिली है। इजराइल-हमास युद्ध से पहले यानी 6 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार (सेंसेक्स) 65,996 अंक पर था जो अब 1,425 (2.15%) अंक गिरकर 64,571 पर आ गया है। इस दौरान अमेरिकी बाजार 13,431 अंक से गिरकर 13,018 पर आ गया है। इसमें भी 2% से ज्यादा की गिरावट देखी गई है। 

7 अक्टूबर को हमास के आतंकियों ने गाजा पट्टी से इजराइल में घुसकर महिलाओं और बच्चों समेत 1400 लोगों की हत्या कर दी थी। उन्होंने 222 लोगों को बंधक बना रखा है। इसके बाद इजराइल ने गाजा पट्टी पर जवाबी हवाई हमला किया, इसमें 5000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं। 

भारतीय मूल के अजय बंगा इसी साल 2 जून से वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष पद पर हैं। उनका कार्यकाल 5 साल का है। फरवरी में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने उन्हें इस पद के लिए नॉमिनेट किया था। बंगा वर्ल्ड बैंक की अध्यक्षता करने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *