बिटकॉइन की कीमत 8% गिरी, क्रिप्टो करेंसी की कीमतों में भारी गिरावट
मुंबई– क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। शुक्रवार की देर रात विभिन्न एक्सचेंज पर इनकी कीमतें गिरी हैं। सबसे लोकप्रिय क्रिप्टो करेंसी बिटकॉइन की कीमत 8% गिरी है। यह 31,900 डॉलर पर पहुंच गई है। इसी के साथ अन्य करेंसी भी 7% तक गिरी हैं। जबकि हफ्ते भर में इनमें 30% तक की गिरावट आई है।
क्रिप्टो करेंसी कीमतों में एक हफ्ते से भारी गिरावट है। पिछले शुक्रवार को भी इसी तरह की गिरावट आई थी। इथरियम की कीमत में 6.83% की गिरावट आई है और यह 1,830 डॉलर पर पहुंच गई है। बिनांस कॉइन की कीमत में 5.05%, कार्डानो की कीमत में 5.49%, डॉगकॉइन की कीमत में 7.78% की गिरावट शुक्रवार की रात दर्ज की गई है। इसी तरह पोलकाडाट की कीमत 7.20%, यूनिस्वैप की कीमत 9% और लाइट कॉइन की कीमत में 4.85% की गिरावट दर्ज की गई है।
हफ्ते की बात करें तो बिटकॉइन की कीमत 9% तक गिरी है। इथरियम हफ्ते भर में 18% टूटी है तो बिनांस कॉइन की कीमत में 15% की गिरावट दर्ज की गई है। इसी तरह कार्डानो की कीमत हफ्ते भर में 11%, डाग कॉइन की कीमत 15%, पोलकाडाट की कीमत 31%, यूनिस्वैप की कीमत 22% और लाइट कॉइन की कीमत में 20% तक की गिरावट आई है। बिटकॉइन की कीमत इसी हफ्ते में एक बार 27 हजार डॉलर तक पहुंच गई थी। अप्रैल में यह 65 हजार डॉलर पर थी, तब से अब तक इसकी कीमत आधा गिर चुकी है।
दरअसल चीन के रेगुलेटर ने बिटकॉइन माइनिंग को लेकर स्क्रुटनी की बात कही है। यही कारण है कि टॉप 10 डिजिटल मनी की कीमतों में आज जमकर कमी आई है। बिटकॉइन सबसे लोकप्रिय डिजिटल करेंसी है। क्रिप्टोकरेंसी चीन में बड़ा बिजनेस है। पूरी दुनिया के बिटकॉइन प्रोडक्शन में आधा हिस्सा चीन का है। चीन द्वारा क्रिप्टोकरेंसी माइनिंग पर लगाम लगाने की योजना तेजी में है। चीन के दक्षिणी इलाके सिचुआन में क्रिप्टोकरेंसी माइनिंग प्रोजेक्ट को बंद करने का ऑर्डर दे दिया गया है। यह चीन का सबसे बड़ा माइनिंग सेंटर है।
हालांकि इस भारी गिरावट के बाद भी ऐसा माना जा रहा है कि अगस्त तक बिटकॉइन का भाव 47 हजार डॉलर पर चला जाएगा। स्टॉक-टू-फ्लो बिटकॉइन प्राइस फोरकास्टिंग मॉडल्स के निर्माता ने कहा है कि, यहां तक कि बिटकॉइन के लिए सबसे खराब स्थिति अगस्त में दिखेगी जब 47,000 डॉलर पर ट्रेड करेगी। सितंबर में मामला थोड़ा उल्टा होगा और यह महीने के लिए 43000 डॉलर ट्रेड कर न्यूनतम लक्ष्य हासिल करेगी और अक्टूबर में 63000 डॉलर पर पहुँचेगी जब यह आल टाइम हाई होगा। इसके बाद इसमें और तेजी आएगी और यह नवंबर में 98000 और साल के अंत तक 1.35 लाख डॉलर पर पहुंच जाएगी।
दुनिया की क्रिप्टो करेंसी का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन 125 लाख करोड़ रुपए है। इसमें बिटकॉइन का अकेले मार्केट कैप 50.57 लाख करोड़ रुपए है। भारत की बात करें तो यहां पर 12-14 क्रिप्टो के एक्सचेंज हैं जो कारोबार करते हैं। देश में क्रिप्टो करेंसी में 1 से 1.20 करोड़ निवेशक हैं।