चक्रवाती तूफान से बची मुंबई, गुजरात की ओर निकल गया तूफान

मुंबई– चक्रवाती तूफान ताऊ ते मुंबई को टच करता हुआ गुजरात की ओर बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान अपने सबसे उग्र रूम में मुंबई पहुंचा। इस दौरान 185 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। भारी बारिश अभी भी जारी है। मुंबई में कोरोना वैक्सीनेशन रोका गया है और कोरोना मरीजों को दूसरी जगहों पर शिफ्ट किया गया है। एयरपोर्ट भी 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगा। मंुबई वर्ली सी लिंक को भी बंद किया गया है। हाईटाइड की आशंका जाहिर की गई है। 

मुंबई के अलावा रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पालघर और ठाणे में भी वैक्सीनेशन नहीं होगा। यहां भी कोरोना मरीज शिफ्ट किए गए हैं। मौसम विभाग ने मुंबई, रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पालघर और ठाणे में अलर्ट जारी किया है। मुंबई में NDRF की तीन टीमों को तैनात किया गया है और 5 टीमें अलर्ट पर हैं। 5 जगह अस्थाई शेल्टर होम बनाए गए हैं। शहर के दादर, वर्ली, लोअर परेल, माटुंगा और माहिम सहित मुंबई के पश्चिमी उपनगरीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई में वर्ली सी फेस, शिवाजी पार्क, मरीन ड्राइव पर समुद्र तट पर ऊंची लहरें उठ रही हैं। 

रत्नागिरी जिले के सिविल अस्पताल में भारी बारिश के चलते पानी भर गया। इस जिले से अब तक 3,896 लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। मुंबई के घाट स्टेशन और नित्यानंद नगर के बीच एक लोकल ट्रेन पर गिरा पेड़। महाराष्ट्र में समुद्र तट से लगे जिलों से 12,420 लोगों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की जानकारी आपदा व्यवस्थापन विभाग ने दी है। 

मुंबई महानगर पालिका के मुताबिक सुबह 8.30 बजे तक कुलाबा में 17.4 मिमी, सांताक्रूज में 11.9 मिमी बारिश पिछले 24 घंटे में(रविवार सुबह 8.30 बसे सेसोमवार सुबह 8.30 बजे तक) दर्ज हुई। BMC ने फील्ड कोविड सेंटरों के मरीजों को दूसरे अस्पतालों में पहुंचा दिया है। स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंटर अथॉरिटी से मिली जानकारी के मुताबिक, राज्य के तीन तटीय जिलों में 6,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। रत्नागिरी में 3,896, सिंधुदुर्ग में 144 और रायगढ़ में 2,500 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। मुंबई, रायगढ़, अलीबाग, रत्नागिरी और पालघर जिलों की सभी नौकाएं समुद्र से लौट आई हैं। 

तूफान के महाराष्ट्र के रत्नागिरी तट से टकराने के बाद वहां 40 घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। सैकड़ों पेड़ उखड़ गए। 3 स्कूल पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं। जलगांव में झोपड़ी पर पेड़ गिरने से 17 और 12 साल की दो बहनों की मौत हो गई। मुंबई से वसई-विरार के कई इलाकों में सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। पुणे के भोरगिरी और भिवेगांव में 70 घरों को नुकसान पहुंचा है। 

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बताया कि मुंबई और राज्य के अन्य तटीय जिलों में अस्थाई रूप से स्थापित किए गए फील्ड अस्पताल से मरीजों को सुरक्षित अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। अस्पतालों में बिजली और ऑक्सीजन बैकअप की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। संभावित तूफान की चपेट में आने वाले जिलों में 12-16 घंटे का ऑक्सीजन बैकअप सुनिश्चित करने का इंतजाम करने के लिए कहा गया है। 

उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज्य में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं कि तटीय इलाकों में ऑक्सीजन का उत्पादन तथा राज्य के बाकी हिस्सों में उसकी ढुलाई प्रभावित न हो। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *