3.54 करोड़ में सुलझा विवाद- सन फार्मा, एमडी दिलीप संघवी सहित 8 लोगों ने सेबी के साथ मामला किया सेटल
मुंबई– शेयर बाजार रेगुलेटर सेबी ने फार्मा कंपनी सन फार्मा, इसके प्रमोटर, एमडी दिलीप संघवी सहित 8 लोगों पर 3.54 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। इसमें से दिलीप संघवी पर 62.35 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। सेबी ने गुरुवार को 8 अलग-अलग ऑर्डर में यह जानकारी दी है। सेबी ने दिलीप संघवी के अलावा बाकी लोगों पर 2.92 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। यह पेनल्टी इसकी सब्सिडियरी आदित्य मेडिसेल्स के मामले में लगाई गई है।
इस मामले में दो लोगों ने सेबी के पास एक शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया था कि दिलीप संघवी और इसके डायरेक्टर फंड का डायवर्जन यानी पैसे घुमा रहे हैं। सेबी ने इसी शिकायत पर जांच शुरू की थी। इसमें पाया कि आदित्य मेडिसेल्स की रिलेटेड पार्टी सन फार्मा है। इसी के आधार पर जांच हुई और इसमें सेटलमेंट की बात तय हुई। सेबी ने सेटलमेंट के लिए ऑर्डर जारी किया। इसके मुताबिक सन फार्मा, दिलीप संघवी, सुधीर वालिया, उदय बलदोटा और सुनील अजमेरा आदि ने सेटलमेंट किया है। इसके तहत कुल 3.54 करोड़ रुपए की रकम भरी गई है।
आदित्य मेडिसेल्स सन फार्मा की सोल डिस्ट्रीब्यूटर्स है। यह आरोप लगाया गया कि आदित्य मेडिसेल्स के जरिए कई सालों से पैसों को घुमाया जा रहा है। आदित्य मेडिसेल्स ने 2017-18 में सन फार्मा इंडस्ट्रीज के साथ अपनी रिलेटेड पार्टी की जानकारी दी। जांच के दौरान सेबी ने फॉरेंसिंक ऑडिट की। जांच में पाया गया कि आदित्य मेडिसेल्स को रिलेटेड पार्टी के लिए पहले मंजूरी लेनी थी, जो उसने नहीं किया।
अशोक भूता सन फार्मा इंडस्ट्रीज में कंप्लायंस ऑफिसर थे। वे रेगुलेटरी प्रोविजन को पूरा करने में फेल रहे। सेबी ने 19 मई 2020 को इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस में कहा गया कि क्यों न उन लोगों पर पेनल्टी लगाई जाए। इसी के बाद सन फार्मा और अन्य लोगों ने सेबी के साथ सेटलमेंट करने का फैसला किया। इसके बाद सभी लोगों ने इस पर सेबी द्वारा तय रकम भर कर सेटलमेंट किया।