ये होंगे एलआईसी के नए एमडी, जानिए कौन होंगे रिटायर
मुंबई–भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के नए प्रबंध निदेशक (MD) की नियुक्ति की तैयारी हो गई है। इसमें एस के मोहंती, दिनेश चंद्र भगत और मिनी आईपी एमडी होंगे। हालांकि खबर है कि एस के मोहंती एमडी के इंटरव्यू में चुन लिए गए हैं और जल्द ही उनके नियुक्ति का आर्डर आ सकता है। वे एक फरवरी को एमडी बनेंगे। जबकि दिनेश चंद्र भगत और मिनी आईपी को अगले एमडी के रिटायर तक इंतजार करना होगा।
बता दें कि फिलहाल 4 एमडी में से 3 MD और एक चेयरमैन जुलाई तक रिटायर हो जाएंगे। एकमात्र MD अगले साल जनवरी में रिटायर हो जाएंगे। इसी महीने के अंत में MD टी.सी. सुशील कुमार रिटायर हो रहे हैं। उनकी जगह पर एस.के. मोहंती MD बन कर आ रहे हैं। वे एक फरवरी को पद संभालेंगे। चेयरमैन एम.आर कुमार जून में रिटायर होंगे। जबकि जुलाई में MD विपिन आनंद रिटायर हो रहे हैं। तीसरे MD मुकेश गुप्ता सितंबर में रिटायर होंगे तो चौथे MD राजकुमार जनवरी 2022 में रिटायर होंगे।
इससे पहले 2013 में भी कुछ ही महीनों में LIC का पूरा टॉप मैनेजमेंट बदला था। जून 2013 में एस.के. रॉय चेयरमैन बने थे। उससे पहले वे एक महीने एमडी रहे थे। तब सबसे सीनियर एमडी सुशोभन सरकार थे, लेकिन चेयरमैन एस.के. रॉय को बनाया गया। नई टीम में एमडी के रूप में वी.के. शर्मा, ऊषा सांगवान और एस.बी. मैनक आए थे। वी.के. शर्मा एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस के एमडी थे। ऊषा सांगवान और एसबी मैनक ईडी थे। एस.के. रॉय की नियुक्ति 5 साल के लिए हुई थी, लेकिन उन्होंने जून 2016 जून में इस्तीफा दे दिया था।
राजकुमार इस समय LIC के IPO को देख रहे हैं। उन्हें इसलिए यह जिम्मेदारी दी गई है क्योंकि उनके पास एक साल का समय है। LIC का IPO अगले वित्त वर्ष में आने की उम्मीद है। इसके जरिए सरकार 90 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा जुटाने की योजना बनाई है।
इन सभी के रिटायरमेंट के बाद सीनियर एमडी में हैदराबाद की जोनल मैनेजर मिनी आईपी और दिल्ली के जोनल मैनेजर दिनेश चंद्र भगत हैं। ये लोग नए एमडी बनेंगे। जबकि जून में चेयरमैन एम.आर कुमार के रिटायर होने के बाद एस.के. मोहंती चेयरमैन बनने की रेस में सबसे आगे होंगे। उनके पास दो साल का समय होगा।
एस.के. मोहंती फिलहाल एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस के सीईओ हैं। बता दें कि एलआईसी में कुल 4 एमडी और एक चेयरमैन की पोस्ट है। एलआईसी के इतिहास में पहली बार यह हुआ था कि कोई जोनल मैनेजर सीधे चेयरमैन बना था। एम.आर कुमार जब 2019 मार्च में चेयरमैन बने थे, तब वे दिल्ली के जोनल मैनेजर थे। इससे पहले जो चेयरमैन बनते थे वे ज्यादातर एमडी होते थे।