अकासा एयर के को फाउंडर और सीसीओ प्रवीण अय्यर का इस्तीफा, यह है कारण
मुंबई- अकासा एयर के को-फाउंडर और चीफ कमर्शियल ऑफिसर (CCO) प्रवीण अय्यर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह अब आनंद श्रीनिवासन को नया CCO नियुक्त किया गया है। वे 30 अप्रैल 2026 तक कंपनी के साथ बने रहेंगे ताकि नई लीडरशिप को जिम्मेदारी सौंपने में मदद कर सकें।
प्रवीण अय्यर अकासा की शुरुआती कोर टीम का हिस्सा थे और उन्होंने एयरलाइन की कमर्शियल स्ट्रेटेजी बनाने में अहम भूमिका निभाई है। अकासा एयर में पिछले कुछ महीनों के भीतर यह दूसरा बड़ा इस्तीफा है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में कंपनी की इंटरनेशनल ऑपरेशंस की हेड और को-फाउंडर नीलू खत्री ने भी इस्तीफा दे दिया था।
प्रवीण अय्यर एयरलाइन की एग्जीक्यूटिव कमेटी के मेंबर भी थे और उन्हें एविएशन सेक्टर का 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। अकासा से पहले वे जेट एयरवेज और कतर एयरवेज जैसी बड़ी कंपनियों में सीनियर पदों पर काम कर चुके हैं। प्रवीण के जाने के बाद आनंद श्रीनिवासन अब कमर्शियल टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। आनंद फिलहाल कंपनी में चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर (CIO) के पद पर हैं।
उनके पास टेक्नोलॉजी और कमर्शियल स्ट्रैटेजी का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है, जो एयरलाइन के अगले फेज के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। आनंद के CCO बनने के बाद अब IT विभाग की जिम्मेदारी चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) अंकुर गोयल को दी गई हैं।
एयरलाइन ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि प्रवीण ने अपने निजी जीवन के नए सफर की शुरुआत करने के लिए यह फैसला लिया है। CEO विनय दुबे ने कहा, ‘प्रवीण ने न केवल अकासा के कमर्शियल विजन को तैयार किया, बल्कि एयरलाइन की नींव रखने में भी बड़ी मदद की। शुरुआती सालों में उनके नेतृत्व और विजन के लिए हम उनके आभारी हैं।’

