टाटा संस के चेयरमैन बोले, एआई अपनाने की रफ्तार आने वाले समय में और तेज होगी
मुंबई- टाटा संस (Tata Sons) के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन (N Chandrasekaran) ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपनाने की रफ्तार आने वाले समय में और तेज होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बदलते माहौल का फायदा उठाने और ठोस असर पैदा करने के लिए टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को पूरी तरह तैयार रहना चाहिए। चंद्रशेखरन ने ये बातें टीसीएस के आंतरिक वैश्विक नेतृत्व और रणनीति सम्मेलन ‘ब्लिट्ज’ (Blitz) में कहीं, जहां उन्होंने कंपनी के करीब 700 वरिष्ठ कर्मचारियों को संबोधित किया।
कंपनी के ताजा वित्तीय नतीजों की प्रस्तुति के बाद कर्मचारियों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखरन ने कहा कि नतीजे “बहुत अच्छे नहीं” रहे और बिना डिफेसिव रुख अपनाए ईमानदारी से आत्ममंथन करने की जरूरत है। मामले से जुड़े लोगों के अनुसार उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में कमी आमतौर पर बाजार की परिस्थितियों, ग्राहकों से जुड़ी चुनौतियों और कंपनी के अंदरूनी कामकाज की कमियों के मेल से होती है।
उन्होंने कहा, “जिस साल आप अच्छे नतीजे नहीं दे पाते, उस समय आत्ममंथन करना जरूरी होता है। कुछ कारण बाजार से जुड़े होते हैं, कुछ का असर ग्राहकों पर ज्यादा पड़ता है और कुछ हमारी अपनी कमियों की वजह से होते हैं। आमतौर पर यह सबका मिला-जुला असर होता है।” उन्होंने आगे कहा कि टीमों को सबसे बेहतर तरीके से पता होता है कि कामकाज में कहां और मजबूती लाई जा सकती थी।
दृढ़ता की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे अपनी ऊर्जा और आत्मविश्वास न खोएं, क्योंकि कंपनी पहले भी कई बार मुश्किल दौर से उबर चुकी है। उन्होंने कहा, “फिर से सही राह पर लौटना मुश्किल नहीं है। हमें पता है कि हम ऐसा कर सकते हैं और हम यह कई बार कर चुके हैं।”
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को टीसीएस के लिए एक बड़ा अवसर बताते हुए कर्मचारियों से कहा कि वे अपने रोजमर्रा के काम में AI को शामिल करें और ग्राहकों के लिए ठोस नतीजे देने पर ध्यान दें, जैसे बेहतर अनुभव, तेज डिलीवरी और ज्यादा फुर्ती।

