भारत को अमीर देश बनने के लिए 7.8 फीसदी की दर से करना होगा विकास
मुंबई- वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत को अमीर देश बनने के लिए अगले कुछ दशकों तक औसतन 7.8 फीसदी की दर से विकास करना होगा। मतलब हमारे देश की अर्थव्यवस्था को तेजी से बढ़ना जरूरी है। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘भारत को साल 2047 तक एक हाई इनकम वाला देश बनने के लिए उसकी प्रति व्यक्ति सकल राष्ट्रीय आय को वर्तमान स्तर से लगभग 8 गुना बढ़ाना होगा।’
वर्ल्ड बैंक का कहना है कि दुनिया की सबसे ज्यादा आबादी वाला देश भारत साल 2032 तक एक अपर मिडिल इनकम वाला देश बन जाएगा। लेकिन साल 2047 तक एक विकसित देश बनने के लिए भारत को अगले दो दशकों तक बहुत तेजी से विकास करना होगा। यह एक बड़ा लक्ष्य है।
वर्ल्ड बैंक के अनुसार, साल 2023 में भारत की प्रति व्यक्ति सकल राष्ट्रीय आय 2.22 लाख रुपये थी। हाई इनकम वाले देश का दर्जा पाने के लिए साल 2047 तक इसे 17.48 लाख रुपये तक पहुंचाना होगा।
भारत को अपने विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए भारत को पूंजी निवेश, श्रम सुधारों और उत्पादकता बढ़ाने पर ध्यान देना होगा। यानी नए कारखाने लगाने, नौकरियों के नियमों में सुधार और काम की क्षमता बढ़ाने पर ध्यान देना होगा। श्रम बल की भागीदारी और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की तत्काल जरूरत है। यानी ज्यादा से ज्यादा लोगों को काम मिलना चाहिए।
दिसंबर तिमाही में देश की जीडीपी 6.2% रही। पिछली तिमाही में जीडीपी दर 5.6% थी। इस बार इसमें तेजी आई है जो अच्छे संकेत हैं। जुलाई से सितंबर की तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था में तेजी से गिरावट आई थी। GDP की वृद्धि दर पिछले सात तिमाहियों में सबसे कम रही थी।