28 लाख से अधिक कंपनियां पंजीकृत, लेकिन 18 लाख ही हैं अभी सक्रिय
मुंबई- देश में इस समय 28 लाख से अधिक कंपनियां पंजीकृत हैं। हालांकि, इनमें से केवल 65 प्रतिशत या 18.1 लाख से कुछ अधिक कंपनियां ही सक्रिय हैं। 9,49,934 कंपनियां बंद हो चुकी हैं। कंपनी अधिनियम, 2013 के तहत पंजीकृत कंपनियों में से केवल 5,216 विदेशी हैं और उनमें से 63 प्रतिशत या 3,281 यूनिट जनवरी के अंत में सक्रिय थीं।
कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय के मुताबिक, पिछले महीने 816.14 करोड़ रुपये की सामूहिक चुकता पूंजी के साथ कुल 16,781 कंपनियां पंजीकृत हुईं। सक्रिय कंपनियों में 27 प्रतिशत व्यावसायिक सेवाओं में थी। विनिर्माण में 20 प्रतिशत, व्यापार और समुदाय, व्यक्तिगत और सामाजिक सेवाओं में 13 प्रतिशत कंपनियां थीं।
सबसे अधिक सक्रिय कंपनियां महाराष्ट्र में थीं। उसके बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल का स्थान था। दिसंबर की तुलना में जनवरी में इन राज्यों में कंपनियों की संख्या में वृद्धि देखी गई।