यूरोप से ढाई गुना ज्यादा आईपीओ भारत में आए, अगले साल ढाई लाख के आएंगे
मुंबई- भारत ने आईपीओ के मामले में पूरी दुनिया में नंबर वन पोजीशन हासिल कर ली है। भारत ने अमेरिका से दोगुने और यूरोप से ढाई गुना ज्यादा आईपीओ लॉन्च किए। 2024 के पहले 11 महीनों में ही 76 कंपनियों ने 1.3 लाख करोड़ रुपये जुटाए। रिपोर्ट यह भी कहती है कि 2025 में 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के आईपीओ फंडिंग का नया रिकॉर्ड बन सकता है।
भारत ने पहली बार आईपीओ की संख्या में अमेरिका और यूरोप को पीछे छोड़ दिया। यहां अमेरिका से करीब दोगुने और यूरोप से ढाई गुना ज्यादा आईपीओ लॉन्च हुए। दूसरी तरफ, अमेरिका ने 2021 के बाद पहली बार आईपीओ से जुटाई गई राशि में बढ़त बनाई और ग्लोबल इन्वेस्टर्स के लिए सबसे पॉपुलर मार्केट बना रहा।
चीन में सख्त नियमों की वजह से इस साल आईपीओ का प्रदर्शन पिछले 10 सालों में सबसे कमजोर रहा। ग्लोबल लेवल पर टेक्नोलॉजी, मीडिया और टेलीकॉम (TMT), इंडस्ट्रियल और कंज्यूमर सेक्टर्स ने सबसे ज्यादा आईपीओ लॉन्च किए जो टोटल आईपीओ की संख्या और फंडिंग का लगभग 60% है।
आंकड़ों के मुताबिक, भारत ने 332 आईपीओ के साथ दुनिया में सबसे ज्यादा आईपीओ पेश किए। अमेरिका 205 आईपीओ के साथ दूसरे नंबर पर और चीन 130 आईपीओ के साथ तीसरे नंबर पर रहा। वेस्टर्न यूरोप और जापान काफी पीछे रहे, जिनमें क्रमशः 64 और 80 आईपीओ लॉन्च हुए।
भले ही अमेरिका में IPO की संख्या कम रही है लेकिन कुल IPO वैल्यू के हिसाब से वे नंबर एक हैं। साल 2024 में अमेरिका में कुल आईपीओ की वैल्यू $35.6 बिलियन रही जो बताता है कि उनके यहां लॉन्च होने वाले आईपीओ का औसत साइज काफी बड़ा था। इसके मुकाबले भारत में आईपीओ का वैल्यूएशन $22.7 बिलियन रहा। वेस्टर्न यूरोप और चीन के IPO वैल्यू क्रमशः $17.7 बिलियन और $17.0 बिलियन हैं, जबकि जापान $2.3 बिलियन के साथ काफी पीछे है। यह अलग-अलग क्षेत्रों में IPO के पैमाने में अंतर को बताता है।
2014 से 2024 के बीच औसत IPO साइज में उतार-चढ़ाव देखा गया, लेकिन कुल मिलाकर इसमें बढ़ोतरी हुई है। खासतौर पर 2017, 2021 और 2024 में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली। यह दिखाता है कि कंपनियां पब्लिक ऑफरिंग के जरिए ज्यादा पैसा जुटा रही हैं। 2024 की बढ़ोतरी यह बताती है कि मार्केट की स्थिति और निवेशकों का भरोसा बड़े IPO के लिए सही है। साथ ही, यह भी साफ होता है कि भारतीय IPO सिस्टम अब बड़े फंडरेज को संभालने में सक्षम हो गया है।