2024 में सबसे ज्यादा ऑर्डर की गई बिरयानी, एक मिनट में दिए गए 158 ऑर्डर
मुंबई- देश में 2024 में बिरयानी सबसे ज्यादा ऑर्डर की गई। पिछले 9 सालों में बिरयानी भारत में सबसे ज्यादा ऑर्डर की जाने वाली डिश है। इस साल भारत में हर एक सेकेंड में दो बिरयानी और 1 मिनिट में 158 बिरयानी ऑर्डर की।
स्विगी के अनुसार, 2024 में 8.3 करोड़ ऑर्डर के साथ बिरयानी प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा ऑर्डर की जाने वाले डिश की लिस्ट में सबसे आगे रही। वहीं, मसाला डोसा 2.3 करोड़ ऑर्डर के साथ दूसरे नंबर पर रहा। मसाला डोसा खाने में बेंगलूरू ने इस साल भी अपना दबदबा कायम रखा है। वहां के लोगों ने एक जनवरी से 22 नवंबर के बीच 25 लाख डोसा ऑर्डर किए।
चिकन बर्गर के बाद बिरयानी देर रात खाई जाने वाली दूसरी सबसे पसंदीदा डिश रही। देर रात 12 से 2 बजे के बीच चिकन बर्गर के सबसे ज्यादा 18.4 लाख ऑर्डर किए गए। दिल्ली, चंडीगढ़ और कोलकाता में छोले, आलू पराठा और कचौरी सबसे ज्यादा ऑर्डर की गई। इसके अलावा, ट्रेनों में बिरयानी सबसे ज्यादा ऑर्डर किए जाने वाली डिश में से एक थी।
स्विगी की रिपोर्ट के अनुसार, प्लेटफॉर्म की क्विक डिलीवरी सर्विस, बोल्ट ने भी सुर्खियां बटोरीं। इस साल मिठाइयों में रसमलाई और सीताफल आइसक्रीम पसंदीदा रहे। स्विगी के डिलीवरी पार्टनर्स ने कुल 1.96 अरब किलोमीटर की यात्रा तय की। यह कश्मीर से कन्याकुमारी तक 5.33 लाख बार जाने के बराबर है। स्विगी की सबसे बेहतरीन परफॉर्म करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स की लिस्ट में टॉप पर कपिल कुमार पांडे रहे, जिन्होंने मुंबई में 10,703 डिलीवरी दीं।