अदाणी के शेयरों में भारी गिरावट, कंपनियों की पूंजी 2.25 लाख करोड़ रुपये घटी

मुंबई- अमेरिकी जांच में भारत में रिश्वत देने के आरोपों से अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट से शेयर बाजार के निवेशकों को 5.28 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी है। सुबह कारोबार में बाजार तेजी में खुले, लेकिन अदाणी की कंपनियों की गिरावट ने बाजार को चपेट में ले लिया। इससे सूचीबद्ध कंपनियों की पूंजी 5.28 लाख करोड़ रुपये घटकर 425.38 लाख करोड़ रुपये रह गई। 19 नवंबर को यह 430.66 लाख करोड़ रही थी।

अदाणी समूह की कंपनियों में इतनी गिरावट 22 महीने बाद आई है। इससे पहले जनवरी, 2023 में हिंडनबर्ग के आरोपों के बाद इतनी गिरावट आई थी। बृहस्पतिवार को शेयरों के टूटने से गौतम अदाणी की संपत्ति 1.02 लाख करोड़ रुपये घट गई। जबकि कंपनियों की पूंजी 2.19 लाख करोड़ रुपये घटकर 12 लाख करोड़ रुपये रह गई है।

अदाणी समूह की 10 कंपनियों के शेयरों मे 22.61 फीसदी तक की गिरावट आई। इस गिरावट का असर अदाणी की संपत्ति पर भी दिखा। फोर्ब्स के आंकड़ों के अनुसार गौतम अदाणी दुनिया के अमीरों की सूची में 25वें स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति 1.02 लाख करोड़ रुपये घटकर 57.7 अरब डॉलर रह गई। यानी एक दिन में 17.34 फीसदी की कमी आई है।

अदाणी के शेयरों में गिरावट का असर कंपनियों को कर्ज देने वाले सरकारी बैंकों के शेयरों पर भी दिखा। एसबीआई का शेयर जहां 2.64 फीसदी टूटा, वहीं एलआईसी का शेयर 1.63 फीसदी, पंजाब नेशनल बैंक का 4.48 फीसदी, केनरा बैंक का 3.32 फीसदी और बैंक ऑफ बड़ौदा का शेयर 3.67 फीसदी टूट गया।

गौतम अदाणी के भाई विनोद अदाणी की संपत्ति 4.7 अरब डॉलर घटकर 15.4 अरब डॉलर रह गई है। एक दिन में यह गिरावट 23 फीसदी रही है। हिंडनबर्ग के समय अदाणी के शेयरों में भारी निवेश करने वाले जीक्यूजी पार्टनर के शेयर ऑस्ट्रेलियाई बाजार में 26 फीसदी तक टूट गए।

अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट का असर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सेंसेक्स पर भी दिखा। सेंसेक्स 422.59 अंक टूटकर 77,155.79 पर बंद हुआ। सेंसेक्स सुबह तेजी के साथ 77,578 पर खुला और इसके बाद इसमें गिरावट शुरू हो गई। दिन के कारोबार में यह 76,802 तक चला गया था। इसके 10 शेयर तेजी में और 20 गिरावट में रहे। तेजी वाले प्रमुख शेयरों मे पावरग्रिड, अल्ट्राटेक, टीसीएस और एचसीएल रहे। गिरावट वालों में एनटीपीसी, एसबीआई, आईटीसी व एशियन पेंट्स रहे।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई निफ्टी 168.60 अंक टूटकर 23,349.90 पर बंद हुआ। इसके 50 में से 37 शेयर गिरावट में और 13 बढ़त में रहे। प्रमुख सूचकांकों में नेक्स्ट50 में 1.49 फीसदी की गिरावट आई। वित्तीय सेवा 0.53 फीसदी और बैंक में 0.50 फीसदी की गिरावट आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *