रिलायंस और डिज्नी के बीच सौदा पूरा, 70,352 करोड़ रुपये से ज्यादा होगा मूल्य

मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और द वॉल्ट डिज्नी के बीच संयुक्त उपक्रम का सौदा पूरा हो गया है। नई कंपनी का मूल्य 70,352 करोड़ रुपये होगा। नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल यानी एनसीएलटी की मुंबई इकाई, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग और अन्य नियामक प्राधिकरणों की ओर से सौदे को मंजूरी मिल गई है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बृहस्पतिवार को बताया, संयुक्त उपक्रम में उसका 11,500 करोड़ का निवेश है। संयुक्त उद्यम पर रिलायंस का नियंत्रण रहेगा। रिलायंस का 16.34%, वायकॉम18 का 46.82% और डिज्नी का 36.84% हिस्सा होगा। नीता अंबानी नई कंपनी की चेयरपर्सन होंगी। उदय शंकर उपाध्यक्ष होंगे।

संयुक्त उद्यम भारत की सबसे बड़ी मीडिया और मनोरंजन कंपनियों में से एक होगी। इसका संयुक्त राजस्व मार्च 2024 में समाप्त वित्त वर्ष में 26,000 करोड़ रुपये रहा। संयुक्त उद्यम सालाना 30,000 से ज्यादा घंटे टीवी मनोरंजन सामग्री बनाता है। जियो सिनेमा और हॉटस्टार डिजिटल प्लेटफॉर्म के कुल ग्राहक 5 करोड़ से अधिक हैं। संयुक्त उद्यम के पास क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेल अधिकारों का एक बड़ा पोर्टफोलियो है।

दूसरे लेनदेन में रिलायंस ने वायाकॉम 18 में पैरामाउंट ग्लोबल का 13.01% हिस्सा 4,286 करोड़ में खरीद लिया है। अब वायाकॉम 18 का मालिकाना हक यानी 70.49% रिलायंस के पास होगा। नेटवर्क 18 के पास 13.54% हिस्सा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *