सितंबर में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 25 पर्सेंट तक बढ़ी
मुंबई- सितंबर में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) की बिक्री सालाना आधार पर 25% बढ़ी है। कुल EV रजिस्ट्रेशन 1.49 लाख रहे। बीते साल सितंबर में 1.19 लाख EV रजिस्टर्ड हुई थी। इस साल में यह आंकड़ा 1.47 लाख रहा था। पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में 19% वृद्धि दर्ज की गई। कुल 8.37 लाख EV रजिस्टर्ड हुए।
बीते साल समान अवधि में 7.02 लाख वाहन रजिस्टर्ड हुए थे। वाहन पोर्टल के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल (कारें व SUV) की बिक्री 43,120 यूनिट रही। एक साल पहले समान अवधि में 42,550 ई-पैसेंजर व्हीकल बिके थे। पहली तिमाही में बिक्री 8.6% बढ़कर 22,749 यूनिट पहुंच गई थी। दूसरी तिमाही में बिक्री 6% घटकर 20,141 यूनिट रह गई।
सितंबर में इलेक्ट्रिक टू व्हीलर की बिक्री 88 हजार यूनिट रही। सितंबर 2023 में यह 63 हजार यूनिट और अगस्त 2024 में 87 हजार यूनिट थी। यानी सालाना आधार पर 40% की बढ़ोतरी हुई। ओला इलेक्ट्रिक की सितंबर में बिक्री 23,965 यूनिट रही, जो अगस्त 24 में 26,928 यूनिट थी। बजाज ने 18,933 यूनिट बेचे, अगस्त में 16,650 बेचे थे।
वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में EV के पब्लिक चार्जिंग स्टेशनों (PCS) में बिजली खपत सालाना आधार पर दोगुने से अधिक हो गई है। इस दौरान 17.69 करोड़ यूनिट ऊर्जा की खपत हुई, जो सालाना आधार पर 108% से अधिक है।