त्योहार से पहले यात्री वाहनों की थोक बिक्री की रफ्तार थमी, मारुति, टाटा को फटका

मुंबई- त्योहारी सीजन शुरू होने से ठीक पहले सितंबर में यात्री वाहनों की थोक बिक्री की रफ्तार थम गई है। सभी बड़ी कंपनियों मारुति, टाटा मोटर्स ह्यूंडई और अन्य की बिक्री में अच्छी खासी गिरावट आई है।

मारुति की बिक्री चार फीसदी घटकर घरेलू बाजार में 1,44,962 इकाई रह गई है। सितंबर, 2023 में 1,50,812 गाड़ियां बिकीं थीं। अल्टो और एस-प्रेसो जैसे छोटे वाहनों की बिक्री मामूली बढ़कर 10,363 रही। बलेनो, सेलेरियो, इग्निस और वैगन आर की बिक्री घटकर 60,480 रह गई। ब्रेजा, अर्टिगा, एस-क्रॉस और एक्सएल 6 की बिक्री चार फीसदी बढ़ी है। कंपनी ने अप्रैल से सितंबर के बीच 8.61 लाख कारें डीलरों के पास भेजी है। निर्यात 1.48 लाख यूनिट रहा है। पहली छमाही में कंपनी ने 2.94 लाख सीएनजी वाहन बेचे हैं।

ह्यूंडई मोटर की थोक बिक्री छह फीसदी घटकर 51,101 यूनिट्स रह गई है। सितंबर, 2023 में यह 54,241 यूनिट्स थी। टाटा मोटर्स की यात्री वाहनों की बिक्री 8 फीसदी गिरकर 41,063 इकाई रह गई है। सितंबर, 2023 में 44,809 यूनिट रही थी।

टोयोटा किर्लोस्कर ने बताया उसकी बिक्री 14 फीसदी बढ़कर 26,847 यूनिट्स रही है। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर की बिक्री में आठ फीसदी की कमी आई है। किआ इंडिया ने सितंबर में 17 फीसदी ज्यादा वाहन बेचे हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा की एसयूवी बिक्री 24 फीसदी तेजी के साथ 51,000 यूनिट को पार कर गई है।

दोपहिया वाहनों में बजाज ऑटो की घरेलू बिक्री 23 फीसदी की तेजी के साथ 3,11,887 इकाई रही है। होंडा मोटरसाइकिल की बिक्री बढ़कर 5,36,391 इकाई रही है। हीरो मोटो कॉर्प ने 6.37 लाख वाहन बेचे हैं जो एक साल पहले की समान अवधि से 19 फीसदी अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *